जैश-ए-मोहम्मद के निशाने पर बंगाल के CM, मंत्री के बेटे को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश, STF का खुलासा

West Bengal STF: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और पाकिस्तानी खुफिया नेटवर्क से जुड़े एक कथित अंतरराष्ट्रीय साजिश का खुलासा करने का दावा किया है। STF के मुताबिक, गिरफ्तार संदिग्ध हमीम मोंडल और उसकी प्रेमिका अर्पिता सरकार के पास से मिले डिजिटल सबूतों में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं।

जांच एजेंसी का कहना है कि दोनों संदिग्ध पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर हमले की योजना, हावड़ा के एक वरिष्ठ नेता के बेटे को हनी-ट्रैप में फंसाने और दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP छात्र आंदोलन में गड़बड़ी फैलाने की साजिश में शामिल थे।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ संपर्क, एन्क्रिप्टेड ऐप्स पर हुई बातचीत

STF के अनुसार, करीब दो महीने पहले हमीम मोंडल की बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से शुरू हुई थी। बाद में बातचीत वॉट्सऐप, टेलीग्राम, सेशन और एलिमेंट एक्स जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म पर होने लगी।

जांच में सामने आया कि ये कथित हैंडल पाकिस्तान से संचालित हो रहे थे और शहजाद भट्टी गैंग व जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे हैं। STF का दावा है कि इनका मकसद युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलना और देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाना था।

बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की जांच जारी

STF ने बताया कि अर्पिता सरकार और हमीम मोंडल को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया। अर्पिता को झारखंड के साहिबगंज से, जबकि हमीम को बर्धमान की रिनैसां रेजीडेंसी से पकड़ा गया।

STF IG गौरव शर्मा ने बताया कि हावड़ा के एक वरिष्ठ नेता के बेटे के अपहरण और हनी-ट्रैप की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि जांच में एक सक्रिय गिरोह का पता चला, जिसके बाद कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अब STF आरोपियों के बैंक खातों, UPI ट्रांजैक्शन और टेरर फंडिंग से जुड़े संभावित सुरागों की जांच कर रही है। एजेंसी अन्य राज्यों में भी छापेमारी कर नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

 

Also Read: लखनऊ में 101 विशिष्ट लोगों को मिला जनशक्ति सम्मान, कई क्षेत्रों की हस्तियां रहीं शामिल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.