विश्व हेड एवं नेक कैंसर दिवस: SGPGI में यूपी की पहली आधुनिक OPD एंडोस्कोपी लैब शुरू

Lucknow SGPGI: विश्व हेड एवं नेक कैंसर दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS) के हेड एवं नेक सर्जरी विभाग ने ‘स्पंदनः कैंसर, उपचार और उससे आगे’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अमित केशरी ने संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर.के. धीमन और प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डीन प्रो. शालीन कुमार और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।

यूपी की पहली आधुनिक OPD एंडोस्कोपी लैब का उद्घाटन

इस अवसर पर निदेशक पद्मश्री प्रो. आर.के. धीमन ने हेड एवं नेक कैंसर रोगियों के लिए अत्याधुनिक ओपीडी एंडोस्कोपी प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। संस्थान के अनुसार, यह उत्तर प्रदेश के किसी भी सरकारी चिकित्सा संस्थान में अपनी तरह की पहली आधुनिक ओपीडी एंडोस्कोपी लैब है। इसके माध्यम से मरीजों को रियल-टाइम उन्नत जांच, ओपीडी में जरूरी प्रक्रियाएं और उपचार के बाद नियमित निगरानी की सुविधा मिलेगी।

प्रो. धीमन ने कहा कि हेड एवं नेक कैंसर के इलाज में समय पर पहचान, जन-जागरूकता और मल्टी-डिसिप्लिनरी उपचार पद्धति की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कैंसर से स्वस्थ हो चुके मरीजों के साहस और संघर्ष की भी सराहना की।

कैंसर विजेताओं का सम्मान 

कार्यक्रम में ‘स्पंदन’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए कैंसर विजेताओं को उनके साहस और जिजीविषा के लिए सम्मानित किया गया तथा उन्हें गुलाब के फूल भेंट किए गए। ‘वॉयसेज ऑफ होप’ संवाद सत्र में कैंसर विजेताओं ने अपने उपचार और संघर्ष की प्रेरक कहानियां साझा कीं।

हेड एवं नेक सर्जरी, रेडियोथेरेपी, प्लास्टिक सर्जरी, मनोरोग विभाग और आहार विशेषज्ञों ने मरीजों को समग्र उपचार, पुनर्वास और संतुलित पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की कि कैंसर के शुरुआती लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं, क्योंकि समय पर इलाज से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।

Also Read: CJP ने सरकार से वार्ता सफल रहने के बाद वापस लिया आंदोलन, जंतर-मंतर से हटने की घोषणा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.