IIT बॉम्बे में छात्र के सुसाइड पर बढ़ा विवाद, हटाए गए प्रोफेसर दुल्ला के बचाव में फैकल्टी का प्रोटेस्ट
IIT Bombay Faculty Protest: IIT बॉम्बे में छात्र की मौत के मामले को लेकर विवाद के बीच अब फैकल्टी फोरम खुलकर प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला (Surya Narayan Dulla) के समर्थन में सामने आया है। फोरम ने मीडिया में चल रही उन खबरों पर स्पष्टीकरण जारी किया है, जिनमें प्रो. दुल्ला को संस्थान से निलंबित किए जाने की बात कही जा रही थी।
फैकल्टी फोरम के अध्यक्ष प्रो. राजकुमार एस. पंत की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रो. दुल्ला को IIT Bombay की सेवा से निलंबित नहीं किया गया है और वह अब भी संस्थान के फैकल्टी सदस्य हैं। उन्हें सिर्फ डीन की जिम्मेदारियों से अस्थायी तौर पर मुक्त किया गया है।
फैकल्टी फोरम बोला, सहयोगी के साथ मजबूती से खड़े हैं
फोरम के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 की घटना की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। फोरम ने साफ कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारी से हटाए जाने को संस्थान की सेवा से निलंबन नहीं माना जाना चाहिए। बयान में फैकल्टी फोरम ने कहा कि वह अपने सहयोगी प्रो. सूर्यनारायण दुल्ला के साथ मजबूती से खड़ा है।
फोरम ने प्रो. दुल्ला को IIT Bombay का प्रतिष्ठित फैकल्टी सदस्य बताते हुए उनके कई सम्मान और पुरस्कारों का भी उल्लेख किया। इनमें छात्रों की प्रतिक्रिया के आधार पर शिक्षण में उत्कृष्टता के लिए मिले दो पुरस्कार शामिल हैं। वह लंबे समय तक डीन भी रह चुके हैं और इस दौरान छात्र कल्याण से जुड़ी कई पहलों में उनकी भूमिका रही है।
छात्र की मौत से पूरा कैंपस व्यथित
फैकल्टी फोरम ने कहा कि प्रो. दुल्ला की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली कथित झूठी और भ्रामक मीडिया रिपोर्टों से वह दुखी है। साथ ही फोरम ने 18 सितंबर की घटना में छात्र की मौत पर पूरे संस्थान के व्यथित होने की बात कही।
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब छात्र की मौत को लेकर प्रो. दुल्ला के खिलाफ पुलिस केस दर्ज होने की खबरें भी सामने आई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, छात्र के परिवार की शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। इन आरोपों की जांच जारी है।
IIT Bombay फैकल्टी फोरम संस्थान का औपचारिक निकाय है, जिसमें करीब 750 सदस्य शामिल हैं। यह फोरम फैकल्टी सदस्यों की राय को IIT बॉम्बे और अन्य संबंधित निकायों के सामने रखने का काम करता है।
Also Read: बिहार में नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, FIR दर्ज

