500 सीसीटीवी और 20 मुकदमे, लखनऊ पुलिस ने कैसे बिछाया शातिर ‘चोर’ विपिन के लिए जाल?

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में शुक्रवार (10 अप्रैल) की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। डूडा कॉलोनी के पास हुई इस फायरिंग में ₹25,000 का इनामी और शातिर अपराधी विपिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। अभियुक्त के पास से चोरी के जेवरात और अवैध असलहा बरामद हुआ है। मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश को लोकबन्धु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।

कैसे हुई मुठभेड़?

प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर के नेतृत्व में पुलिस टीमें डूडा कॉलोनी और मानसनगर रोड के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देख बदमाश ने भागने की कोशिश की, लेकिन लड़खड़ा कर गिर गया। खुद को घिरा देख उसने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी गोली चलाई, जो बदमाश विपिन के पैर में लगी। उसे तत्काल गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।

500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिली सफलता

फरवरी माह में कृष्णानगर क्षेत्र में हुई चोरी की तीन बड़ी वारदातों ने पुलिस की नींद उड़ा रखी थी। इन घटनाओं के अनावरण के लिए गठित 4 पुलिस टीमों ने लगभग 500 सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में तीन आरोपियों की पहचान हुई थी, जिनमें से एक पहले ही जेल जा चुका था। विपिन और उसका साथी कुलदीप फरार चल रहे थे।

अपराध का ‘काला कच्चा चिट्ठा’: 20 मुकदमों का आरोपी

गिरफ्तार अभियुक्त विपिन (निवासी उन्नाव) कोई मामूली अपराधी नहीं है। उस पर लखनऊ कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगेस्टर एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। अलीगंज, आशियाना, गुडम्बा, मडियांव, पीजीआई और कृष्णानगर जैसे इलाकों में उसने चोरी का आतंक मचा रखा था। शातिर किस्म का अपराधी होने के कारण पुलिस ने उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया था।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल सामान और चोरी के जेवरात बरामद किए हैं:

अवैध असलहा: एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा।

चोरी के जेवरात: दो सोने की चैन (पीली धातु) मय लॉकेट और तीन अंगूठियां।

वाहन: एक पल्सर मोटरसाइकिल (UP32MC8337)।

फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस मुठभेड़ के दौरान वांछित अभियुक्त कुलदीप यादव (निवासी निजामपुर, मल्हौर) भागने में सफल रहा। कुलदीप पर भी ₹25,000 का इनाम है। पुलिस और सर्विलांस टीम (दक्षिणी) उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.