UP STF का बिहार में बड़ा एक्शन: गोरखपुर के ‘दीपक गुप्ता हत्याकांड’ का मुख्य आरोपी दबोचा गया

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जनपद गोरखपुर के पिपराईच क्षेत्र में हुई दीपक गुप्ता की सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त शिवम तिवारी को बिहार के पश्चिमी चंपारण से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पशु तस्करी से जुड़े इस गिरोह ने न केवल हत्या की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए अपराध में प्रयुक्त वाहन का हुलिया बदलने की भी कोशिश की थी।

बिहार में एसटीएफ की सर्जिकल स्ट्राइक

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण और निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी अभिसूचना के आधार पर बिहार में जाल बिछाया। 8 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4 बजे, अभियुक्त शिवम तिवारी को अंश वेल्डिंग वर्कशॉप, बगहा (पश्चिमी चंपारण, बिहार) से गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ ने हत्या में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप (UP57BT3599), एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

अपहरण और हत्या की खौफनाक दास्तां

पूछताछ में अभियुक्त ने 15/16 सितंबर 2025 की रात हुई उस भयावह घटना को कबूला। अभियुक्तों ने अपनी पिकअप से दीपक गुप्ता की स्कूटी में जोरदार टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया था। इसके बाद दीपक को बलपूर्वक उठाकर पिकअप में डाल लिया गया। तस्करों ने पिकअप के भीतर ही दीपक गुप्ता के साथ मारपीट की और फिर मेडिकल कॉलेज रोड पर उनकी हत्या कर लाश फेंक दी। गिरफ्तारी के समय अभियुक्त उसी पिकअप की बॉडी को वेल्डिंग वर्कशॉप पर कटवाकर बदलवा रहा था, ताकि पुलिस वाहन की पहचान न कर सके।

शिवम तिवारी का आपराधिक इतिहास

अभियुक्त शिवम तिवारी एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही गंभीर मामले दर्ज हैं।

गोरखपुर (पिपराईच): हत्या (BNS 103), अपहरण और गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला।

कुशीनगर (पडरौना): एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी का मुकदमा।

अगली कार्रवाई

गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के बाद गोरखपुर पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस अब इस मामले में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।

Also Read: पार्थ पवार ने ली राज्यसभा सदस्य की शपथ, जेपी नड्डा से लेकर जयराम रमेश तक रहे मौजूद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.