गोमतीनगर में लड़की से अभद्रता मामले में अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई लगातार जारी
Sandesh Wahak Digital Desk : गोमती नगर के ताज होटल के पास युवती से छेड़छाड़ करने वाले 12 और आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया. अभी तक घटना में कुल 16 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने ये गिरफ्तारियां की हैं.
इसके पहले गुरुवार सुबह कमिश्नर ने कार्रवाई करते हुए डीसीपी ईस्ट प्रबल प्रताप सिंह, एडीसीपी ईस्ट अमित कुमावत, एसीपी गोमती नगर को हटा दिया था. जबकि थानाध्यक्ष दीपक पांडेय, चौकी इंचार्ज ऋषि विवेक, दरोगा कपिल, सिपाही धर्मवीर और वीरेंद्र को सस्पेंड कर दिया गया था.

बता दें कि बुधवार को गोमती नगर थाना क्षेत्र में ताज होटल के निकट बने अंडरपास के पास बारिश से जल भराव होने के बाद आने-जाने वाले वाहन चालकों के साथ कुछ अराजक तत्व हुड़दंगई और अभद्रता कर रहे थे. इसी बीच एक युवती से छेड़छाड़ का वीडियो भी वायरल हो गया.
जिसका संज्ञान लेते हुए थाना गोमती नगर में मामला दर्ज किया गया था. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम बनाकर व क्राइम टीम को लगाया गया. जिसके बाद यह कार्रवाई हुई है.
लखनऊ के JCP क्राइम आकाश कुलहरि ने बताया कि वीडियो फुटेज और गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है. अब तक जो 16 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, उनमें पवन यादव, मोहम्मद अरबाज, सुनील कुमार, राज साहू, अर्जुन अग्रहरि, रतन गुप्ता, अमन गुप्ता, अनिल कुमार, प्रियांशु शर्मा, आशीष सिंह, विकास भंडारी, मनोज कुमार, अभिषेक तिवारी, कृष्णकांत गुप्ता, जय किशन और अभिषेक साहू हैं.

