अमेरिका में यौन उत्पीड़न के आरोप में भारतीय नागरिक गिरफ्तार, निष्कासन की तैयारी शुरू
अमेरिका में यौन उत्पीड़न के आरोप में इमिग्रेशन अधिकारियों ने एक भारतीय नागरिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें भारतीय नागरिक जसपाल सिंह का नाम प्रमुख है, जिन्हें 29 जनवरी को वाशिंगटन के तुकविला इलाके से गिरफ्तार किया गया। अमेरिकी इमिग्रेशन और सीमा शुल्क प्रवर्तन विभाग (ICE) ने हाल ही में एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जसपाल सिंह पर गंभीर यौन उत्पीड़न के आरोप हैं।
गिरफ्तार किए गए अन्य व्यक्तियों में मेक्सिको, ग्वाटेमाला और अल साल्वाडोर के नागरिक शामिल हैं। सभी आरोपियों को आईसीई की हिरासत में रखा गया है और उनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
आईसीई के सिएटल फील्ड कार्यालय के निदेशक ड्रू बोस्टॉक ने कहा, “हमारे समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। यह कार्रवाई यह संदेश देती है कि अवैध आपराधिक तत्वों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
निष्कासन की प्रक्रिया होगी तेज
आईसीई अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार सभी व्यक्तियों को उनके मूल देशों में निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि अपराधियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी और ऐसे मामलों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
डोनाल्ड ट्रंप की सख्त आव्रजन नीति
गौरतलब है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कार्यकाल के दौरान आव्रजन नीतियों को लेकर सख्त कदम उठाए थे। उन्होंने अवैध अप्रवासियों को देश से बाहर करने और दक्षिणी सीमा को सील करने का वादा किया था। वर्तमान प्रशासन भी अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की नीति अपना रहा है।
Also Read: Bangladesh: शेख हसीना के आवास पर हमला, अंतरिम सरकार की चेतावनी – अब नहीं होंगे हमले

