Lucknow News: राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का निधन, SGPGI में ली अंतिम सांस

Sandesh Wahak Digital Desk: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का आज (12 फरवरी) लखनऊ के एसजीपीजीआई में निधन हो गया। अस्पताल ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है। 3 फरवरी को उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था, जहां वह स्ट्रोक के बाद न्यूरोलॉजी वार्ड में इलाज ले रहे थे। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार प्रयास किए गए, लेकिन ब्रेन स्ट्रोक के अलावा उनके स्वास्थ्य में कई अन्य जटिलताएं भी थीं।

लखनऊ के पीजीआई में इलाज के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनका कुशलक्षेम पूछा था। हालांकि, सभी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

राम मंदिर ट्रस्ट ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है, वहीं रामनगरी के मठ मंदिरों में भी शोक की लहर फैल गई है। आचार्य सत्येंद्र दास महाराज वर्ष 1993 से श्रीरामलला की पूजा कर रहे थे। उनके निधन के समय माघ पूर्णिमा का पवित्र दिन था।

रामनगरी में शोक की लहर

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय और मंदिर व्यवस्था से जुड़े अन्य प्रमुख व्यक्तियों ने उनके देहावसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, अयोध्या राज परिवार के प्रमुख विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, डॉ. अनिल मिश्र और गोपाल जी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आचार्य सत्येंद्र दास के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा, “परम रामभक्त, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र कुमार दास महाराज का निधन अत्यंत दुःखद है और यह सामाजिक एवं आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।”

सभी भक्तों और अनुयायियों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हुए सीएम योगी ने भगवान श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। ॐ शांति।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.