Arunoday Singh: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के पोते अरुणोदय सिंह ने छोड़ी सियासत, फिल्मों में बनाई अलग पहचान
Arunoday Singh: बॉलीवुड में ऐसे कई सितारे हैं, जिन्होंने अपनी विरासत की राह को छोड़कर अपने सपनों की उड़ान भरी। ऐसा ही एक नाम है अरुणोदय सिंह, जो मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के पोते और कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय सिंह “राहुल” के बेटे हैं। अरुणोदय ने अपने परिवार की राजनीतिक विरासत को छोड़कर फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाई।
फिल्मों में एंट्री और बॉलीवुड का सफर

17 फरवरी 1983 को जन्मे अरुणोदय सिंह का झुकाव बचपन से ही अभिनय की ओर था। उन्होंने 2009 में फिल्म ‘सिकंदर’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद वह ‘आयशा’, ‘मिर्च’, ‘ये साली ज़िंदगी’ और ‘जिस्म 2’ जैसी फिल्मों में नज़र आए। 2014 में रिलीज़ हुई ‘मैं तेरा हीरो’ में उन्होंने विलेन की भूमिका निभाई, जिसमें वह हीरो वरुण धवन पर भारी पड़े थे। हालांकि, अरुणोदय को फिल्मों से वह पहचान नहीं मिली, जिसकी उन्हें तलाश थी। लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी।
ओटीटी से मिली पॉपुलैरिटी

ओटीटी की दुनिया में ‘अपहरण’ सीरीज ने उन्हें नई पहचान दिलाई। इस वेब सीरीज में उनके किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद नेटफ्लिक्स की ‘ये काली काली आंखें’ में उनका जबरदस्त अभिनय देखने को मिला। अब जल्द ही अरुणोदय ‘डर्टी हीरोज’ नामक वेब सीरीज में दिखाई देंगे।
राजनीति छोड़ फिल्मों का चुना रास्ता

अरुणोदय एक ऐसे राजनीतिक परिवार से आते हैं, जहां उनके दादा और पिता बड़े पदों पर रह चुके हैं। उनके पिता अजय सिंह “राहुल” पांच बार विधायक और मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अगर अरुणोदय चाहते तो अपनी पारंपरिक चुरहट सीट से विधायक बन सकते थे, लेकिन उन्होंने राजनीति के बजाय सिनेमा की दुनिया को चुना।
पर्सनल लाइफ और आने वाले प्रोजेक्ट्स

अरुणोदय सिंह ने 2016 में कनाडा की ली एल्टन से शादी की थी और अब वे मुंबई में बस चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी वह काफी एक्टिव रहते हैं और अपनी तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। अब दर्शकों को उनकी ‘डर्टी हीरोज’ में दमदार एंट्री का इंतजार है।

