चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्रीय टीम के बीच बैठक, शिवराज चौहान के शामिल होने की संभावना

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्र के बीच शनिवार शाम को नए दौर की वार्ता होनी है जिसमें फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत कई मांगों पर चर्चा होगी।

केंद्रीय टीम और किसान नेताओं के बीच यह बैठक चंडीगढ़ के महात्मा गांधी लोक प्रशासन संस्थान में शाम छह बजे होगी।

इससे पहले 14 फरवरी को हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा था कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 22 फरवरी को प्रदर्शनकारी किसानों के साथ होने वाली बैठक के लिए केंद्रीय टीम का नेतृत्व करेंगे।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने शनिवार को कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल सकारात्मक सोच के साथ बैठक में भाग लेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों को उम्मीद है कि सरकार जल्द से जल्द उनके मुद्दों का समाधान करेगी। किसानों ने अगली बैठक दिल्ली में करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इसे चंडीगढ़ में आयोजित करने की बात कही।

पंधेर ने कहा आज केंद्र के साथ छठे दौर की वार्ता होगी। हमें जानकारी मिली है कि केंद्रीय कृषि मंत्री और अन्य मंत्री बैठक में हिस्सा लेंगे। केएमएम और एसकेएम (गैर-राजनीतिक) प्रतिनिधिमंडल बैठक में भाग लेगा।

किसान नेताओं ने कहा कि किसानों का 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बैठक में अपना पक्ष मजबूती से रखेगा। उन्होंने कहा कि एमएसपी पर कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर पिछले एक साल से आंदोलन जारी है।

Also Read: इंदिरा गांधी को ‘दादी’ कहे जाने पर राजस्थान विधानसभा में बवाल,…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.