Rajasthan: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने मदन राठौड़, जानिए इनके बारे में

Sandesh Wahak Digital Desk: राज्यसभा के सदस्य मदन राठौड़ शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।

राठौड़ पहले से ही पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। चुनाव अधिकारी गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने यहां पार्टी कार्यालय में राठौड़ के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।

उन्होंने कहा कल पांच अलग-अलग प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मिले। हमारे मुख्यमंत्री से लेकर अन्य वरिष्ठ नेताओं ने जो प्रस्ताव रखे उनमें एक ही नाम था। उन नामांकन पत्रों की जांच और केंद्र में हमारे वरिष्ठ नेताओं से बातचीत के बाद अब फैसला हो गया है और मैं घोषणा करता हूं कि मदन राठौड़ हमारे प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे।

रूपाणी ने राठौड़ को निवार्चन प्रमाणपत्र भी सौंपा। मदन राठौड़ को सात महीने पहले पिछले साल जुलाई में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित तमाम बड़े नेता मौजूद थे। राज्य से पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के 25 सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ है।

शुक्रवार को दाखिल किया था नामांकन

इससे पहले मदन राठौड़ ने शुक्रवार को इस पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। जिसमें सीएम भजन लाल शर्मा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, जयपुर जिला अध्यक्ष अमित गोयल और राष्ट्रीय परिषद के सदस्य प्रस्तावक थे।

पार्टी ने सीपी जोशी के बाद मदन राठौड़ को जिम्मा सौंपा था। उनके नेतृत्व में भाजपा ने हाल ही में विधानसभा उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन किया। इसी के चलते अब हाईकमान ने उन्हें फिर से पद पर नियुक्त किया है।

राजस्थान में 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए, जिसमें बीजेपी को 5 सीटों पर जीत हासिल हुई। इस उप चुनाव में सलूंबर, रामगढ़ और झुंझुनू सीटों पर तो जीत दर्ज की। साथ ही कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाली देवली-उनियारा के साथ आरएलपी की खींवसर सीट पर भी कब्जा किया।

कौन हैं मदन राठौर?

राजस्थान के पाली जिले के मदन राठौड़ का जन्म 2 जुलाई 1954 को हुआ था। वे पहली बार साल 2003 में सुमेरपुर विधानसभा सीट से विधायक चुनकर आए थे। बाद में 2013 में एक बार फिर विधायक बने।

राजस्थान बीजेपी चीफ राठौर का नाता संघ से रहा है, यहां भी वे संगठन के लिए काम करते आए हैं। वे पाली जिले के करीब 4 बार बीजेपी जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। राठौर साल 1972 से 1978 तक संघ प्रचारक भी रहे हैं। पार्टी ने अप्रैल 2024 में उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया था।

Also Read: चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्रीय टीम के बीच बैठक, शिवराज चौहान के शामिल होने की संभावना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.