दीपिका कक्कड़ नेशनल टीवी पर हुईं इमोशनल, ड्राइवर की बातें सुनकर भावुक हुईं एक्ट्रेस
Sandesh Wahak Digital Desk: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ हमेशा अपनी सादगी और भावनात्मक जुड़ाव के लिए जानी जाती हैं। इन दिनों वह रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ‘ (Celebrity Masterchef) में नजर आ रही हैं, जहां वह अपनी कुकिंग स्किल्स से दर्शकों को प्रभावित कर रही हैं। हालांकि, शो में हाल ही में एक ऐसा भावुक पल आया, जिसने दीपिका ही नहीं बल्कि वहां मौजूद सभी लोगों को इमोशनल कर दिया।
ड्राइवर की बातें सुनकर भावुक हुईं दीपिका

लेटेस्ट एपिसोड में शो के सभी कंटेस्टेंट्स के घर से उनके करीबी स्टाफ मेंबर्स बुलाए गए थे, जो उनके जीवन का अहम हिस्सा हैं। इस दौरान दीपिका कक्कड़ के ड्राइवर धर्म दादा शो में पहुंचे। शो की जज फराह खान ने दीपिका से पूछा कि उनके ड्राइवर उनके लिए कितने जरूरी हैं। इस पर जवाब देते हुए दीपिका खुद को रोक नहीं पाईं और उनकी आंखें नम हो गईं।
दीपिका ने अपने ड्राइवर धर्म दादा के साथ एक खास याद साझा की। उन्होंने बताया, “जब मेरे बेटे का जन्म हुआ था, तब रात के 2:30 बजे मेरा वॉटर ब्रेक हुआ और हमें तुरंत हॉस्पिटल जाना पड़ा। धर्म दादा हमारे साथ थे और पूरे 18 दिन तक हमारे साथ हॉस्पिटल में ही रहे।”
ड्राइवर धर्म दादा ने जीता सबका दिल

दीपिका की बात सुनकर धर्म दादा भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “दिन हो या रात, मैडम हमेशा मेरे खाने-पीने का ख्याल रखती हैं। वह हमेशा पूछती हैं – दादा, आपने खाना खाया? आपका चेहरा सूजा हुआ क्यों लग रहा है? जब वह हमारे बारे में इतना सोचती हैं, तो हमारा फर्ज बनता है कि हम भी उनके लिए वैसे ही सोचें। अगर इतना प्यार मिलेगा तो घर जाने की जरूरत ही क्या है?”
बता दे, धर्म दादा की इन बातों ने न केवल दीपिका बल्कि शो के अन्य कंटेस्टेंट्स को भी भावुक कर दिया। दीपिका ने कहा, “हम सच में एक परिवार हैं।” उनकी ये इमोशनल जर्नी फैंस के दिलों को छू गई और सोशल मीडिया पर भी यह पल काफी वायरल हो रहा है।

