UP News: संजय सिंह का केंद्र सरकार पर हमला, आतंकी हमले पर कड़ी कार्रवाई की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारत को इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए और यदि पाकिस्तान आतंकवादियों को शह दे रहा है, तो उस पर भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, हीलाहवाली न करें, सेना की संख्या कम न करें, क्योंकि जवान ही देश की असली सुरक्षा करते हैं।
संजय सिंह ने लखनऊ में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड काल में सेना में कोई भर्ती नहीं की गई और इसके बावजूद अग्निवीर योजना लाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने सेना में 1.80 लाख जवानों की संख्या कम कर दी है, जो देश की सुरक्षा के साथ समझौता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि विदेश दौरे से लौटने के बाद उन्हें सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए, विपक्ष को विश्वास में लेना चाहिए और इस आतंकी हमले को लेकर पूरी जानकारी साझा करनी चाहिए।
संजय सिंह ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा 2016 में 19 जवान शहीद हुए, नगोटा में 7, पैमपोर में 8, 2017 में जम्मू में 6, 2019 में पुलवामा में 40 जवान शहीद हुए। 2024 में तीर्थयात्रियों और आम नागरिकों पर हमलों में कई जानें गई हैं। यह साफ दर्शाता है कि कश्मीर में आतंकवाद खत्म होने के दावों के बावजूद हालात चिंताजनक हैं।
भाजपा कार्टून बनाकर अपनी मानसिकता उजागर कर रही – संजय सिंह
आप नेता ने भाजपा पर राजनीतिक संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा, “जब देश शोक में डूबा है, तब भाजपा के कुछ लोग शहीद के परिवारों का मजाक उड़ाते हुए कार्टून वायरल कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि आतंकवादी धर्म के नाम पर देश को बांटना चाहते हैं और भाजपा कार्टून बनाकर अपनी मानसिकता उजागर कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों में शांति सभा आयोजित करेगी और देशभर में इस घटना के खिलाफ लोगों को जागरूक करेगी। उन्होंने कहा, “यह आतंकी हमला न केवल देश के खिलाफ है, बल्कि कश्मीरियत के भी खिलाफ है, जिसे वहां के लोग भी स्वीकार नहीं करेंगे।”
उन्होंने इस हमले को खुफिया तंत्र की विफलता करार देते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि प्रधानमंत्री मोदी जिम्मेदारी लें और पाकिस्तान को करारा जवाब दें। संजय सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री को जितनी बड़ी घटना है, उतना ही बड़ा जवाब देना चाहिए। पाकिस्तान को सूत समेत लौटाना चाहिए।”
Also Read: UP News: पूर्व आईएएस को सलाहकार बनाकर दे रहे 15 हजार रोजाना मानदेय

