कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर गिरफ्तार, ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में की कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा में कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को गिरफ्तार कर लिया है जो ‘फरार’ थे। दिल्ली के एक होटल से रविवार को 61 वर्षीय पूर्व विधायक को हिरासत में लिया गया और सोमवार को उन्हें गुरुग्राम की एक अदालत में पेश किया जाएगा।

पानीपत जिले की समालखा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक छौक्कर को पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उसी सीट से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वह चुनाव में हार गए थे।

छोक्कर, उनके बेटों विकास छौक्कर और सिकंदर छौक्कर पर घर खरीदने वाले 1,500 लोगों को धोखा देने और उनसे 500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हड़पने का आरोप है। सिकंदर को पिछले साल ईडी ने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल जमानत पर बाहर है, जबकि विकास छौक्कर फरार है।

धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) से संबंधित विशेष अदालत ने धर्म सिंह छौक्कर और विकास छौक्कर के खिलाफ कई गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं। ईडी ने मार्च में कहा था कि एजेंसी ने उन्हें 19 मई को अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था।

धन शोधन का यह मामला गुरुग्राम पुलिस द्वारा साई आइना फार्म्स और संबंधित कंपनियों के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी पर आधारित है।

Also Read: Kanpur Fire: जूता फैक्ट्री में भीषण आग, मां-बाप समेत 3 बेटियां जिंदा जलीं, धमकों से…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.