देश के लिए गर्व का पल…, ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय सेना ने एक साहसिक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के भीतर नौ आतंकी ठिकानों को देर रात 1 बजे से डेढ़ बजे के बीच निशाना बनाकर तबाह कर दिया। इस कार्रवाई के बाद देशभर में सेना को लेकर गर्व और उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन के संबंध में केंद्रीय कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने मंत्रियों को पूरे अभियान की जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने बैठक में कहा भारतीय सेना ने बिना किसी गलती के पूरी तैयारी और सटीकता के साथ यह ऑपरेशन अंजाम दिया। यह देश के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री ने सेना की बहादुरी की सराहना की और इस सफलता को भारत की सुरक्षा नीति की मजबूती करार दिया।
#WATCH | Delhi | Prime Minister Narendra Modi chairs Union cabinet meeting. pic.twitter.com/NIgf2RiZiO
— ANI (@ANI) May 7, 2025
बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की विस्तृत जानकारी कैबिनेट को दी। सभी मंत्रियों ने मेज़ थपथपाकर सेना और सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया। सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री का रुख शांत और तटस्थ था। उन्होंने कहा यह करना ही था। पूरा देश हमारी तरफ देख रहा था। हमें अपनी सेना पर गर्व है।
आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई
भारतीय सेना ने यह ऑपरेशन 6 और 7 मई की दरम्यानी रात 1:05 बजे से लेकर लगभग डेढ़ बजे के बीच अंजाम दिया। सेना की ओर से प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि लक्ष्यों को मिसाइलों से निशाना बनाया गया। इस ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय (मुरीदके), जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर स्थित लॉन्चिंग पैड समेत कुल नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कार्रवाई में कम से कम 100 आतंकियों के मारे जाने की आशंका है।
पहलगाम हमले का जवाब
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकी हमले का जवाब है। उस हमले में आतंकियों ने 26 निहत्थे आम नागरिकों की हत्या कर दी थी, जिनमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल थे। रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग में भारत ने स्पष्ट संदेश दिया कि देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर सख्त जवाब दिया जाएगा।
Also Read: Lucknow: ऑपरेशन सिंदूर की जीत पर उमड़ा व्यापारियों का उत्साह, सेना के शौर्य को किया नमन

