Firozabad: बिटुमिन ब्लैक मार्केटिंग रैकेट का भंडाफोड़, 6 शातिरों को एसटीएफ ने दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फिरोजाबाद जिले में पेट्रोलियम उत्पाद बिटुमिन (अपमिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ) की अवैध मिलावट और कालाबाजारी में संलिप्त गिरोह के छह सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इस छापेमारी के दौरान दो टैंकर, 8 कंटेनर, दो मिक्सर मशीनें, 600 बोरे सफेद पाउडर और 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
- दुर्जन सिंह, निवासी गिर्राज वाटिका टाउनशिप, हाईवे, जनपद मथुरा
- जगदीश प्रसाद, निवासी महरौली, गोवर्धन, जनपद मथुरा
- अतिन, निवासी जलालपुर, थाना शिकोहाबाद, जनपद फिरोजाबाद
- नितिन उर्फ सोनू, निवासी जलालपुर, थाना शिकोहाबाद, जनपद फिरोजाबाद
- स्वतंत्र पाल, निवासी जलालपुर, थाना शिकोहाबाद, जनपद फिरोजाबाद
- नीरज, निवासी मंडी चौराहा, महेंद्र नगर, हाईवे, जनपद मथुरा
बरामद सामग्रियां
- बिटुमिन से भरे दो टैंकर
- यूपी-85 बीटी 4317
- यूपी-85 सीटी 5521
- फैक्ट्री में पाए गए 8 कंटेनर
- 2 मिक्सर मशीन
- 600 बोरा सफेद पाउडर
- 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन
ऑपरेशन की पृष्ठभूमि
पिछले कुछ समय से मथुरा और फिरोजाबाद क्षेत्रों में अपमिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ की कालाबाजारी की सूचनाएं STF को लगातार मिल रही थीं। इस पर कार्रवाई करते हुए STF फील्ड यूनिट आगरा के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम बनाई गई। निरीक्षक हुकुम सिंह के नेतृत्व में इस टीम में मुख्य आरक्षी प्रशांत कुमार, बृजराज सिंह, विवेक कुमार, अमित चौहान और विमल कुमार शामिल थे।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
STF टीम को सूचना मिली कि शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में दो टैंकर बिटुमिन खाली करने के लिए खड़े हैं और वहां मिक्सिंग का अवैध कार्य चल रहा है। सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लिया और मौके पर पहुंचकर दोनों टैंकरों को जब्त कर लिया।
तफ्तीश में सामने आया गिरोह का तरीका
गिरफ्तार ड्राइवरों और फैक्ट्री कर्मचारियों ने पूछताछ में बताया कि यह टैंकर मथुरा रिफाइनरी से बिटुमिन लेकर निकलते थे, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले फैक्ट्री में कुछ मात्रा निकालकर उसमें सफेद पाउडर मिलाया जाता था। यह मिलावट मिक्सर मशीन के जरिये की जाती थी और फिर टैंकर में पुनः भरकर आगे भेजा जाता था।
इस फैक्ट्री का मालिक डेविड जैन है, जबकि मिक्सर ऑपरेटर भगवान सिंह, जो मौके से फरार हो गया, मिलावट की प्रक्रिया संचालित करता था। यह गिरोह कई वर्षों से मथुरा और आसपास के जिलों में मिलावटी बिटुमिन बेचकर भारी मुनाफा कमा रहा था।
कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना शिकोहाबाद, जनपद फिरोजाबाद में मु.अ.सं. 308/2025 के तहत धारा 111(2)(B) BNS 2023 एवं 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
STF की इस कार्रवाई से पेट्रोलियम क्षेत्र में हो रही संगठित कालाबाजारी के खिलाफ बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे न सिर्फ राजस्व की हानि रोकी जा सकेगी, बल्कि सड़क निर्माण और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मानकों की गुणवत्ता को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा।
Also Read: प्रतापगढ़ में STF को बड़ी सफलता, 50,000 का इनामी गैंगस्टर गुफरान खान गिरफ्तार

