Lucknow: हत्या के मामले में नामजद छह अभियुक्त गिरफ्तार, एक लाठी बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के थाना माल पुलिस ने एक हत्या के मामले में वांछित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई दिनांक 22 मई को की गई। सभी अभियुक्त ग्राम मवईखुर्द, थाना माल, लखनऊ के निवासी हैं। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक बांस की लाठी भी बरामद की है।
घटना का विवरण
दिनांक 21 मई 2025 को वादी जसकरन पुत्र रामकेशन रावत, निवासी ग्राम मवईखुर्द थाना माल, लखनऊ ने थाना पहुंचकर तहरीर दी थी कि गांव के ही गुलफाम, शानू, चुन्नी, मुन्नवर, गुटकी और आसिफ ने एक राय होकर वादी, उनके भाई दशरथ और पिता रामकेशन पर जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल वादी और उनके भाई का इलाज चल रहा है, जबकि वादी के पिता रामकेशन की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इस आधार पर थाना माल में मुकदमा संख्या 118/25 धारा 191(2), 103(2), 109, 115(2), 352 बीएनएस तथा 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी व बरामदगी
पुलिस की टीम सहायक पुलिस आयुक्त के निर्देशन में क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर अभियुक्तों को शाहमऊ पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त गुलफाम की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बाँस की लाठी बरामद की गई।
घटना का कारण
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि विवाद की जड़ एक मोबाइल फोन की मरम्मत को लेकर था। वादी के भाई दशरथ ने अभियुक्त गुलफाम को फोन और ₹2000 मरम्मत के लिए दिए थे। फोन खराब ही रहा और जब दशरथ ने फोन और पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने हमला कर दिया। इसी हमले में रामकेशन की मौत हो गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की जानकारी
गुलफाम (22 वर्ष) पुत्र स्व. जाहिद – बाल काटने का काम करता है
शानू (19 वर्ष) पुत्र स्व. जाहिद – ड्राइवरी का कार्य करता है
रिजवान उर्फ चुन्नी (18 वर्ष) पुत्र स्व. जाहिद – खेती करता है
जमील उर्फ मुन्नवर (43 वर्ष) पुत्र मो. अली – बाल काटने का काम करता है
जलील उर्फ गुटकी (32 वर्ष) पुत्र मो. अली – बाल काटने का काम करता है
मो. आसिफ (18 वर्ष) पुत्र जमील – बाल काटने का काम करता है
फिलहाल पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्यवाही के उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
Also Read: Lucknow: 25 हजार का इनामी शातिर बदमाश गिरफ्तार, अवैध तमंचा और जेवरात बरामद

