किसानों को PM मोदी का बड़ा तोहफा, धान का MSP बढ़ा, KCC को लेकर भी खुशखबरी

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए खरीफ सीजन 2025-26 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ा दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में इस फैसले को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक के बाद जानकारी दी कि धान का MSP अब 69 रुपये बढ़ाकर 2369 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। पहले यह 2300 रुपये प्रति क्विंटल था। इसका सीधा फायदा देशभर के धान उत्पादक किसानों को होगा, जिन्हें अब हर क्विंटल पर ज्यादा न्यूनतम कीमत सुनिश्चित मिलेगी।

14 खरीफ फसलों के MSP में इजाफा

कैबिनेट ने सिर्फ धान ही नहीं, बल्कि खरीफ की कुल 14 फसलों के लिए भी MSP को मंजूरी दी है। इनमें ज्वार, बाजरा, रागी, मक्का, अरहर (तुअर), मूंग, उड़द, कपास, मूंगफली, सूरजमुखी के बीज, पीली सोयाबीन, तिल और रामतिल शामिल हैं।

  • अरहर (तुअर) का MSP 450 रुपये बढ़ाकर 8000 रुपये/क्विंटल
  • उड़द का MSP 400 रुपये बढ़ाकर 7800 रुपये/क्विंटल
  • मूंग का MSP 86 रुपये बढ़ाकर 8768 रुपये/क्विंटल

सरकार ने यह तय किया है कि किसानों को उनकी लागत के मुकाबले कम से कम 50% अतिरिक्त लाभ जरूर मिले।

किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज में बड़ी राहत जारी

सरकार ने संशोधित ब्याज छूट योजना (MISS) को भी अगले वित्त वर्ष के लिए जारी रखने का फैसला लिया है। इस योजना के तहत किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के जरिए किसानों को 3 लाख रुपये तक का लोन सिर्फ 7% ब्याज पर मिलता है। समय से लोन चुकाने पर उन्हें 3% की अतिरिक्त छूट मिलती है, जिससे प्रभावी ब्याज दर सिर्फ 4% रह जाती है। पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े किसानों को भी 2 लाख रुपये तक के लोन पर यही सुविधा दी जाएगी।

अटल सरकार की शुरुआत, मोदी सरकार की मजबूती

किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुई थी। अब मोदी सरकार ने इस योजना को और व्यापक बनाते हुए किसानों को आसान और सस्ता कर्ज मुहैया कराने के लिए इसे मजबूती से लागू किया है। ब्याज सहायता योजना से किसानों की कार्यशील पूंजी पर लगने वाला भार कम हुआ है और उन्हें खेती के लिए जरूरी संसाधन जुटाना अब आसान हो गया है।

Also Read: बरेली में फर्जी पुलिस अधिकारी गिरफ्तार, दस्तावेजों के साथ एक्सयूवी कार भी बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.