राम दरबार का भव्य दर्शन पहली बार दुनिया के सामने, VIDEO में देखिए प्राण प्रतिष्ठा का अद्भुत नजारा

Sandesh Wahak Digital Desk: आज का दिन इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया, जब पहली बार श्रीराम जन्मभूमि पर बने भव्य राम मंदिर से पूरी दुनिया ने ‘राम दरबार’ के दर्शन किए। इस पवित्र अवसर पर विधिवत रूप से राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की गई, जिसका सीधा प्रसारण सोशल मीडिया, समाचार चैनलों और अन्य माध्यमों से विश्वभर में हुआ।

राम मंदिर के प्रथम तल पर विराजमान श्रीराम दरबार अब श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए सज चुका है। भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमाओं सहित कुल 21 देव विग्रहों की स्थापना आज अभिजीत मुहूर्त में की गई। इन सभी मूर्तियों को वैदिक विधि से स्नान, पूजन और प्राण प्रतिष्ठा के बाद चेतना रूप में विराजमान कराया गया।

पूरे मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है, जहां वैदिक मंत्रों की ध्वनि और यज्ञ की अग्नि से वातावरण भक्तिमय हो उठा है। अयोध्या और काशी से आए 101 विद्वान आचार्यों ने वैदिक अनुष्ठानों का संचालन किया। सुबह 6:30 बजे से शुरू हुए पूजन में सीएम योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे और उन्होंने भगवान श्रीराम के दरबार में शीश नवाया।

श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा प्रथम तल

राम मंदिर के मुख्य शिखर, जो अब पूरी तरह से स्वर्णमंडित हो चुका है, का भी विधिवत पूजन संपन्न हुआ। इसके साथ ही मंदिर का प्रथम तल भी अब पूरी तरह से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है।

आज के दिन मंदिर परिसर में न सिर्फ राम दरबार, बल्कि अन्य सात पवित्र मंदिरों की भी प्राण प्रतिष्ठा हुई। इनमें ईशान कोण में शिवलिंग, अग्निकोण में श्रीगणेश, दक्षिण मध्य में महाबली हनुमान, नैऋत्य कोण में सूर्य देव, वायव्य कोण में मां भगवती, उत्तर मध्य में मां अन्नपूर्णा और दक्षिण-पश्चिम परकोटे में शेषावतार मंदिर शामिल हैं।

राम जन्मभूमि मंदिर अब लगभग पूरी तरह से बन चुका है, और जल्द ही इसके शेष हिस्सों का निर्माण कार्य भी पूरा हो जाएगा। इस पवित्र धाम से अब श्रद्धालु न केवल राम लला के दर्शन कर सकेंगे, बल्कि उनके पूरे दिव्य दरबार के भी भव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त कर पाएंगे।

Also Read: विश्व पर्यावरण दिवस पर CM योगी ने किया पौधरोपण, बेल का पौधा लगाकर दिया हरित संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.