मोदी सरकार के 11 साल: JP नड्डा ने गिनाईं प्रमुख उपलब्धियां, बोले- अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति…
Sandesh Wahak Digital Desk: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हुई है। जिसमें तुष्टिकरण की जगह जवाबदेही, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता मिली है।
नड्डा ने कहा कि “11 साल पहले देश राजनीति में तुष्टिकरण देख रहा था, लेकिन अब मोदी सरकार ने जवाबदेही और रिपोर्ट कार्ड की राजनीति की नींव रख दी है। आज भारत की राजनीति ‘परफॉर्म, रिफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के सिद्धांत पर चल रही है।”
जेपी नड्डा ने सरकार के कुछ ऐतिहासिक फैसलों का ज़िक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह से देश की मुख्यधारा से जोड़ा। उन्होंने बताया कि “जिस अनुच्छेद को हटाना असंभव माना जा रहा था, उसे मोदी सरकार ने हटा दिया, और इसके बाद जम्मू-कश्मीर में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।”
उन्होंने तीन तलाक पर लिए गए निर्णय को महिलाओं के अधिकार और सम्मान से जोड़ा और कहा कि इससे मुस्लिम महिलाओं को न्याय मिला है।
CAA, नोटबंदी, टैक्स सुधार और महिला सशक्तिकरण पर ज़ोर
जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA), नोटबंदी, बजट सुधार और महिला आरक्षण जैसे कई बड़े कदम उठाए हैं। टैक्स प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में 238% की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने दावा किया कि भारत जल्द ही दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। “चाहे FDI हो, निर्यात हो या विदेशी मुद्रा भंडार हर क्षेत्र में मजबूती आई है।”
नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने ‘गरीबी हटाओ’ का नारा भर नहीं दिया, बल्कि 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाकर दिखाया है। उन्होंने यह भी बताया कि अत्यंत गरीबी की दर में 80% की कमी दर्ज की गई है।
उन्होंने SC, ST, OBC और महिलाओं के लिए उठाए गए कदमों पर भी ज़ोर देते हुए कहा, “आज महिलाएं पायलट बन रही हैं, सैनिक स्कूलों में दाखिला ले रही हैं और सेना में स्थायी कमीशन भी पा रही हैं। ‘लखपति दीदी’ योजना से लेकर स्व-सहायता समूहों तक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है।”
चिनाब ब्रिज और अधूरे प्रोजेक्ट्स को पूरा करने की प्रतिबद्धता
भाजपा अध्यक्ष ने चिनाब ब्रिज का उदाहरण देते हुए बताया कि इसे पहली बार 1995 में शुरू किया गया था, जिसे पीएम मोदी ने पूरा करवाकर 6 जून 2025 को राष्ट्र को समर्पित किया है। उन्होंने कहा, “यह सरकार समस्याओं को टालती नहीं, बल्कि समाधान के लिए कार्य करती है।”
नड्डा ने दावा किया कि आज देश का आम नागरिक यह मानता है कि “मोदी है तो मुमकिन है।” उन्होंने अंत में कहा कि केंद्र सरकार ने हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया है और अब भारत ‘विकसित राष्ट्र’ बनने की दिशा में पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
Also Read: छत्तीसगढ़ के सुकमा में माओवादी हमला, ASP आकाश राव गिरीपुंजे शहीद, दो जवान घायल

