दीपिका कक्कड़ कैंसर सर्जरी के 11 दिन बाद घर लौटीं, शोएब ने दी हेल्थ अपडेट
Sandesh Wahak Digital Desk: टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों जिंदगी की सबसे बड़ी जंग से लड़ रही हैं। ‘ससुराल सिमर का’ फेम दीपिका को स्टेज 2 लिवर कैंसर डाइग्नोज़ हुआ था, जिसके बाद हाल ही में उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में बड़ी सर्जरी करवाई।
करीब 14 घंटे तक चली सर्जरी में न सिर्फ उनका ट्यूमर हटाया गया, बल्कि गॉल ब्लैडर और लीवर का एक हिस्सा भी निकालना पड़ा। सर्जरी के बाद दीपिका को 11 दिन तक अस्पताल में रखा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज हुआ।
अब घर पर हैं, लेकिन इलाज अभी जारी
दीपिका के पति और टीवी एक्टर शोएब इब्राहिम ने अपने व्लॉग में बताया कि अब दीपिका को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, लेकिन पूरी तरह से स्वस्थ होने में अभी वक्त लगेगा। पिछले कुछ दिन हमारे लिए बहुत मुश्किल थे। लेकिन सभी की दुआओं और सपोर्ट के लिए हम दिल से शुक्रगुजार हैं। शोएब ने कहा, सबसे बड़ा स्टेप सर्जरी सफल रही है। दीपिका धीरे-धीरे रिकवर कर रही हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभी कई मेडिकल प्रक्रियाएं बाकी हैं, और डॉक्टरों के निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
फैन्स से मिल रहा है प्यार और हौसला
दीपिका और शोएब दोनों को सोशल मीडिया पर जबरदस्त सपोर्ट मिल रहा है। फैन्स लगातार उनके जल्दी स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। दीपिका ने भी इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर बताया कि यह जंग आसान नहीं थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

