पीएम मोदी ने मौजूदा तनाव पर ईरानी राष्ट्रपति से की बातचीत, क्षेत्रीय शांति की अपील

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात और अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर किए गए हमले के बीच भारत की ओर से कूटनीतिक पहल सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ईरान के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत की और मौजूदा हालात पर गंभीर चिंता जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) के ज़रिए दी। उन्होंने लिखा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की। हमने मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और हाल की तनावपूर्ण घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। मैंने क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता की जल्द बहाली के लिए तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति के रास्ते को अपनाने की भारत की अपील दोहराई।

अमेरिका-ईरान-इजरायल संघर्ष पर भारत की पैनी नजर

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने रविवार तड़के ईरान की फोर्डो, नतांज़ और इस्फाहान में स्थित तीन प्रमुख परमाणु स्थलों पर हवाई हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले को ईरान की परमाणु क्षमता को नष्ट करने की कार्रवाई बताया और कहा कि ईरान पिछले 40 वर्षों से अमेरिका के खिलाफ काम कर रहा है।

इसके जवाब में ईरान ने भी इजरायल पर मिसाइलों की बौछार कर दी। इजरायली सेना (IDF) के अनुसार, ईरान ने रविवार सुबह 30 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें इजरायल की ओर दागीं, जिनमें तेल अवीव, हाइफा और यरुशलम जैसे बड़े शहरों को निशाना बनाया गया। IDF ने बताया कि उन्होंने कई मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया और फिलहाल सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।

Also Read: अमेरिकी हमलों पर बोले ईरान के विदेश मंत्री, चुकाना पड़ेगा गंभीर परिणाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.