दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर रोमिल वोहरा ढेर, कई हत्याओं में था वांछित
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार तड़के एक बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया गया, जिसमें कई संगीन मामलों में वांछित कुख्यात गैंगस्टर रोमिल वोहरा मुठभेड़ में मारा गया। यह कार्रवाई दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन जवाबी फायरिंग में वह मारा गया।
मृतक की पहचान हरियाणा के यमुनानगर निवासी रोमिल वोहरा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह तीन लोगों की हत्या, कुरुक्षेत्र में एक अन्य हत्या, और दिल्ली में अवैध हथियारों से जुड़े मामलों सहित आठ से अधिक संगीन मामलों में वांछित था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच के एडिशनल कमिश्नर प्रमोद सिंह कुशवाह ने जानकारी दी कि रोमिल वोहरा, गैंगस्टर वीरेंद्र प्रताप उर्फ काला राणा और उसके भाई सूर्य प्रताप उर्फ नोनी राणा के लिए काम करता था। काला राणा को हाल ही में बैंकॉक से भारत लाया गया है, जबकि नोनी अभी भी विदेश में छिपा हुआ है।
STF और स्पेशल ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई
हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को इनपुट मिला था कि रोमिल एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने दिल्ली आ सकता है। इसी सूचना पर STF, दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच और किशनगढ़ पुलिस ने मिलकर दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास एक जाल बिछाया।
मंगलवार सुबह जैसे ही रोमिल वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की। लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रोमिल को गोली लगी, जबकि दिल्ली और हरियाणा पुलिस के दो सब-इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोमिल को मृत घोषित कर दिया।
एक लाख का इनामी था रोमिल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रोमिल पर हरियाणा पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ चल रहे केस और आपराधिक नेटवर्क को देखते हुए पुलिस लगातार उस पर नजर बनाए हुए थी। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में मौत की घटना पर सभी मानक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। वहीं, मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि रोमिल किन-किन अपराधों में और शामिल था।
Also Read: लखनऊ में ठेकेदार की गला रेतकर हत्या, खून से लथपथ मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

