बागेश्वर धाम में टेंट गिरने से 1 श्रद्धालु की मौत, 4 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध बागेश्वर धाम गढ़ा परिसर में गुरुवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। भारी बारिश के दौरान टेंट गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 3 से 4 अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 7 बजे आरती के ठीक बाद हुई, जब श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए टेंट के नीचे जमा हुए थे।
अयोध्या के श्यामलाल कौशल की मौत
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी श्यामलाल कौशल के रूप में हुई है। उनके दामाद राजेश कुमार कौशल ने बताया कि टेंट से निकला एक लोहे का एंगल सीधे श्यामलाल के सिर में जा लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राजेश कुमार कौशल स्वयं और परिवार के अन्य सदस्य (सौम्या, पारुल और उन्नति) भी इस हादसे में घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजेश ने बताया कि वे अपने परिवार के 6 सदस्यों के साथ बुधवार रात को ही अयोध्या से बागेश्वर धाम पहुंचे थे। शुक्रवार को धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन है, और वे सुबह उनके दर्शन करने के लिए ही आए थे। जिला अस्पताल के डॉ. नरेश त्रिपाठी ने पुष्टि की कि मृतक को बागेश्वर धाम से लाया गया था और परिजनों ने टेंट गिरने से हादसा होने की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: दिल्ली में डबल मर्डर से सनसनी, मालकिन की डांट से गुस्साए नौकर ने मां-बेटे का गला रेता

