अलीगढ़ में STF का बड़ा खुलासा, अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में अपराध पर लगाम लगाने के लिए यूपी STF लगातार मोर्चे पर डटी हुई है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को STF की टीम ने अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में चल रही एक अवैध असलहा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान तीन अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया है और भारी मात्रा में हथियार व हथियार बनाने का सामान भी बरामद हुआ है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई बड़ी कार्रवाई

STF अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें एक मुखबिर से जानकारी मिली थी कि अलीगढ़ के क्वार्सी इलाके के एक मकान में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना पुख्ता होने के बाद STF की टीम ने मौके पर दबिश दी और मौके से अरशद, बबलू और मनोज नामक तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के समय आरोपी फैक्ट्री में तमंचे और अन्य देसी हथियार तैयार कर रहे थे। टीम ने मौके से अधबने हथियार, तैयार तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण भी जब्त किए हैं।

अपराधियों के लिए सप्लाई हब बनी थी यह फैक्ट्री

STF का कहना है कि यह फैक्ट्री अपराधियों और गैंगों को अवैध हथियार सप्लाई करने का मुख्य अड्डा बन चुकी थी। पूछताछ में पता चला है कि इन हथियारों की सप्लाई पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों और अन्य राज्यों तक की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

बरामद सामग्री में क्या-क्या शामिल है?

  • 32 तमंचे बने हुए 315 बोर
  • 34 बैरल
  • 6 अधबने तमंचे
  • 3 हॉफ बाडी पीतल
  • 2 बांक
  • 6 छोटे-बङे पाना
  • 11 छोटी-बङी चाबी
  • 23 छोटी-बङी रेती
  • 1 वेल्डिंग मशीन
  • 3 गटका लोहा
  • 1 गटका लोहा छोटा
  • 7 छोटे-बङे प्लास
  • 12 छोटी-बङी आरी पत्ती
  • 6 छोटी-बङी हथौङी
  • 2 ग्राइन्डर मय ब्लेड
  • 4 ग्राइन्डर ब्लेड
  • 6 छोटे-बङे पेचकस
  • 1 चिमटी स्टील
  • 6 छोटे-बङे स्प्रिंग
  • 161 पीतल स्लाईडर / खटका
  • 5 हैमर पीतल के,
  • 8 ट्रिगर पीतल के
  • 6 इजेक्टर पीतल के
  • 6 साइड लॉक पीतल के
  • 10 लकङी की चाप
  • 2 छैनी
  • 2 लोहे के बारीक छोटे-बङे तारों के बण्डल

STF की कार्रवाई से इलाके में हलचल

इस कार्रवाई के बाद क्वार्सी थाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया। STF की त्वरित और सटीक कार्रवाई ने न सिर्फ एक खतरनाक गिरोह को बेनकाब किया बल्कि आने वाले समय में संभावित अपराधों को भी रोकने का रास्ता साफ किया है।

Also Read: Varanasi : पारिवारिक विवाद बनी दोहरे हत्याकांड की वजह, बेटे ने पिता और…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.