तालाब से चलकर सीधे बेडरूम तक पहुंचा मगरमच्छ, गांव में मचा हड़कंप
Sandehs Wahak Digital Desk: मंडावर गांव निवासी शीशराम सिंह के घर में एक मगरमच्छ तालाब से निकलकर घुस आया। मंगलवार सुबह जब परिजन सोकर उठे तो घर के कोने में पड़े मगरमच्छ को देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते पूरे गांव में हड़कंप मच गया और शीशराम सिंह के घर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। थाना क्षेत्र मंडावर के गांव चाहड़वाला निवासी शीशराम सिंह के घर में सोमवार रात पास के तालाब से निकल कर एक मगरमच्छ घुस गया।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, रस्सी से बांधा मगरमच्छ
घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई, लेकिन टीम के आने से पहले ही ग्रामीणों ने कमाल की बहादुरी दिखाई। किसी ने रस्सी लाई, किसी ने हिम्मत जुटाई और देखते ही देखते मगरमच्छ को बांध दिया गया। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने उसे कंधे पर रखकर पूरे गांव में घुमाया भी। कुछ लोगों ने तो इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी बना ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बच्चों के लिए यह एक रोमांचक दृश्य था तो बड़ों के लिए यह चिंता का विषय।
गंगा का बढ़ता जलस्तर बना वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शीशराम सिंह का घर तालाब के पास है और घर का पानी उसी तालाब में जाता है। आशंका है कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ गंगा से तालाब में आया और वहां से पानी के रास्ते सीधे घर में घुस गया।
वन विभाग की टीम पहुंची, सुरक्षित छोड़ा गया मगरमच्छ
घटना की सूचना मिलते ही वन दरोगा रुचित चौधरी की अगुवाई में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने मगरमच्छ को सुरक्षित कब्जे में लिया और उसे वापस गंगा नदी में छोड़ दिया गया। टीम ने लोगों से अपील की कि अगर दोबारा ऐसी कोई घटना होती है तो घबराएं नहीं, तुरंत विभाग को सूचना दें।
Also Read : महाकुंभ-2025 में सेवा देने वाले 24 हजार से…

