Siddharthnagar News: लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर बुजुर्ग की हत्या, तीन महिलाओं पर FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के गायघाट गांव में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महज बकरी द्वारा अनाज खाने की बात पर शुरू हुए छोटे से विवाद ने ऐसा हिंसक मोड़ लिया कि एक बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान 58 वर्षीय झिनकू राम के रूप में हुई है, जिनकी पड़ोसी महिलाओं ने लाठी, डंडे और ईंटों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
घटना मिश्रौलिया थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम झिनकू राम के परिवार ने अपने घर की छत पर अनाज सुखाया था। तभी पास के घर की एक बकरी छत पर चढ़कर अनाज खाने लगी। इस पर झिनकू राम की पत्नी और बेटी ने पड़ोसी महिलाओं से शिकायत की। बात थोड़ी गर्म जरूर हुई, लेकिन मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया।
गांव में तनाव का माहौल
लेकिन अगली सुबह हालात बेकाबू हो गए। सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पड़ोसी परिवार की तीन महिलाएं मुकदमी, रीमा और इंदु, झिनकू राम के घर पहुंचीं और गाली-गलौज करने लगीं। जब झिनकू राम और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया, तो उन महिलाओं ने अचानक हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और ईंटों से झिनकू राम को बुरी तरह पीटा गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी सुबेन्दु सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर तीनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन लोगों में भय और ग़म का माहौल है।
मृतक के परिजन आरोप लगा रहे हैं कि हमला पूरी तरह योजनाबद्ध था और इसमें केवल महिलाएं ही शामिल थीं। परिवार की मांग है कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
Also Read: Lucknow News: FIR के खिलाफ पार्षदों का प्रदर्शन, नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप

