संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होगा, सरकार लाएगी 8 नए बिल
Sandesh Wahak Digital Desk: संसद का बहुप्रतीक्षित मानसून सत्र सोमवार (21 जुलाई) से शुरू हो रहा है, जो 21 अगस्त तक चलेगा। इस सत्र में केंद्र सरकार 8 नए विधेयक पेश करने वाली है, साथ ही कई लंबित विधेयकों पर भी गरमागरम चर्चा होने की उम्मीद है।
सरकार के एजेंडे में ये बिल हैं खास
सरकार का मुख्य ध्यान आयकर विधेयक 2025 पर है, जिसे बजट सत्र में 13 फरवरी को लोकसभा में पेश किया गया था। इस विधेयक को भाजपा सांसद बैजयंत जय पांडा की अध्यक्षता वाली संसद की चयन समिति ने कुछ संशोधनों के साथ अपनी मंज़ूरी दे दी है। अब केंद्रीय मंत्रिमंडल की हरी झंडी के बाद इसे संसद में पारित करने के लिए लाया जाएगा।
इसके अलावा, अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों में मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2025 भी शामिल है। मणिपुर में फिलहाल राष्ट्रपति शासन लागू है, और नियमानुसार हर छह महीने में इसे संसद की मंजूरी की आवश्यकता होती है। इसलिए, इसके विस्तार के लिए भी एक विधेयक लाया जाएगा।
कारोबारी सुगमता और नियामक सुधार पर भी जोर
जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) विधेयक 2025 भी इस सत्र में पेश किया जाएगा। इस विधेयक का उद्देश्य देश में कारोबारी सुगमता को बढ़ाना और नियामक अनुपालन में सुधार लाना है। इन नए विधेयकों के अलावा, पहले से पेश किए जा चुके अन्य सात विधेयकों पर भी इस सत्र में चर्चा की जाएगी।
मानसून सत्र में पेश होने वाले प्रमुख विधेयक
मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे, जिनमें कुछ प्रमुख हैं:
-लदान विधेयक 2024
-समुद्री माल ढुलाई विधेयक 2024
-तटीय नौवहन विधेयक 2024
-गोवा राज्य के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों का प्रतिनिधित्व विधेयक 2024
-मर्चेंट शिपिंग विधेयक 2024
-भारतीय बंदरगाह विधेयक 2025
-आयकर विधेयक 2025
-मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2025
-जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) विधेयक 2025
-भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक 2025
-कराधान कानून (संशोधन) विधेयक 2025
-भू-विरासत स्थल और भू-अवशेष (संरक्षण और रखरखाव) विधेयक 2025
-खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2025
-राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक 2025
-नेशनल एंटी-डोपिंग संशोधन विधेयक 2025

