Siddharthnagar News: जमीन विवाद में हटाया गया पिलर अब फिर से लगा, प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के नवगढ़ तहसील के थाना चिलिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धंसा नानकर में जमीन विवाद को लेकर हटाया गया पिलर अब दोबारा अपनी जगह पर खड़ा हो गया है। यह कार्रवाई खुद उपजिलाधिकारी नौगढ़ और चकबंदी अधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल की निगरानी में की गई, जिसमें दोनों पक्षों की मौजूदगी रही।

मामला गाटा संख्या 204, रकबा 2350 वर्ग मीटर जमीन से जुड़ा है, जिसे लेकर गांव के राम प्रकट और राम रूप के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर.के. के निर्देश पर उक्त भूमि पर चिन्हांकन कर पिलर लगाया गया था, जिसे एक पक्ष द्वारा उखाड़ दिया गया।

कानून तोड़ने वालों के खिलाफ धारा 151 के तहत पुलिस ने की कार्रवाई

जनसुनवाई के दौरान जब यह मामला सामने आया, तो जिलाधिकारी ने तत्काल उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल को मौके पर भेजकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। सोमवार को एसडीएम मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों की उपस्थिति में पुनः पिलर लगवाया। इसके साथ ही मेडबंदी कराई गई और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ धारा 151 के तहत पुलिस कार्रवाई भी की गई।

संदेश वाहक से बातचीत में एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने साफ शब्दों में कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा जमीन चिन्हांकन या सीमांकन के तहत लगाए गए पिलर को उखाड़ना या हटाना गंभीर कानूनी अपराध है। ऐसे लोगों को चेतावनी दी जाती है कि वे कानून को अपने हाथ में न लें, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा, “समस्या हो तो शांतिपूर्वक संबंधित विभाग से संपर्क करें, न कि गैरकानूनी तरीके अपनाएं।”

कार्रवाई के दौरान लेखपाल अरुण श्रीवास्तव, दोनों पक्ष के किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से गांव में विवादित जमीन को लेकर स्पष्टता आई है और लोगों ने राहत की सांस ली है।

रिपोर्ट: जाकिर खान।

 

Also Read: Siddharthnagar News: मेडिकल कॉलेज में CPR ट्रेनिंग, डमी पर सीखी गई ज़िंदगी बचाने की तकनीक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.