यूपी में पिछड़े वर्ग की बेटियों की शादी के लिए खुशखबरी, अनुदान राशि बढ़ाने की तैयारी में सरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही पिछड़े वर्ग की बेटियों की शादी के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता को बढ़ाने जा रही है। अब तक इस योजना के तहत मिलने वाली ₹20,000 की सहायता राशि को बढ़ाकर ₹35,000 करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेंद्र कश्यप ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि महंगाई और सामाजिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अनुदान राशि में बढ़ोतरी जरूरी है। इस दिशा में विभाग ने प्रस्ताव तैयार करना शुरू कर दिया है, जिसे जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रखा जाएगा।
वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत उन परिवारों को लाभ मिलता है जिनकी वार्षिक आय ₹1 लाख तक है। हालांकि, ₹20,000 की राशि मौजूदा महंगाई दर को देखते हुए अपर्याप्त मानी जा रही है, यही वजह है कि योजना में लोगों की रुचि धीरे-धीरे कम हो रही है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बन रही है विकल्प
सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में इसके मुकाबले अधिक अनुदान मिलता है, जिससे बड़ी संख्या में लोग उस योजना की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग अब इस योजना को और बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
इस साल के वित्तीय बजट में इस योजना के लिए ₹200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। लेकिन विभाग का मानना है कि योजना को प्रभावी बनाने के लिए न केवल राशि में बढ़ोतरी जरूरी है, बल्कि इसके प्रचार-प्रसार और आसान प्रक्रिया पर भी काम करना होगा।
अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो जल्द ही पिछड़े वर्ग की बेटियों की शादी के लिए मिलने वाली सहायता राशि में इजाफा हो जाएगा, जिससे हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
Also Read: Siddharthnagar News: मौलाना मदनी की गिरफ्तारी पर नेता प्रतिपक्ष का बड़ा बयान, बोले- जेल भेजने वालों…

