डिंपल यादव टिप्पणी विवाद: बेबी रानी मौर्या बोलीं- राजनीतिक फायदे के लिए पत्नी के अपमान पर अखिलेश मौन

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्या ने कहा कि महिला सम्मान पर हुई इस आपत्तिजनक टिप्पणी पर अखिलेश यादव का मौन यह दर्शाता है कि वोट बैंक की राजनीति के लिए सपा किसी भी हद तक जा सकती है।

मंत्री ने कहा कि नई दिल्ली की एक मस्जिद में बैठक के बाद कुछ धार्मिक नेताओं ने डिंपल यादव को ‘राजनीतिक हिंदू महिला’ कहकर उनके पहनावे पर अभद्र टिप्पणी की। यह केवल एक महिला सांसद का नहीं बल्कि भारतीय नारी की गरिमा और संस्कृति पर सीधा हमला था। मौर्या के मुताबिक, वोट के लालच में महिला अस्मिता से समझौता करना सपा के राजनीतिक चरित्र को उजागर करता है।

सपा में महिला सम्मान का फैसला मौलवी करेंगे?

बेबी रानी मौर्या ने स्पष्ट कहा, “हमारी विचारधारा डिंपल यादव से अलग हो सकती है, लेकिन महिलाओं का अपमान भाजपा को कभी स्वीकार नहीं। अखिलेश यादव का मौन क्या इस सोच की सहमति है कि सपा में महिला सम्मान का फैसला मौलवी करेंगे? क्या यह दर्शाता नहीं कि वे तालिबानी मानसिकता वालों के समर्थन में खड़े हैं, यहां तक कि अपनी पत्नी के अपमान पर भी चुप्पी साध लेते हैं?”

उन्होंने कहा कि यह मामला केवल डिंपल यादव का नहीं, बल्कि देश की हर बेटी के सम्मान से जुड़ा है। भाजपा महिलाओं के सम्मान को लेकर दृढ़ संकल्पित है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस मुद्दे पर चुप हैं, और वोट बैंक की राजनीति के कारण राहुल गांधी की जुबान पर भी ताले लगे हुए हैं।

 

Also Read: UP News: गोरखपुर-गोंडा और बहराइच समेत 10 जिलों के डीएम बदले, देखिए पूरी लिस्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.