लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा, गृह मंत्री ने बताया, पहलगाम के हत्यारे तीनों आतंकी ऑपरेशन महादेव में ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा जारी रही। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा की और बताया कि इस बर्बरता में शामिल तीनों आतंकवादियों को मार गिराया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने सदन को संबोधित करते हुए कहा, पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की जो नृशंस हत्या की गई, धर्म पूछकर उन्हें उनके परिवार के सामने मारा गया, बड़ी बर्बरता के साथ यह हत्याएं की गईं, मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और जो मारे गए हैं, उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
‘ऑपरेशन महादेव’ में मारे गए आतंकी
अमित शाह ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि एक संयुक्त ‘ऑपरेशन महादेव’ में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीनों आतंकवादियों को मार गिराया है। उन्होंने नामों का जिक्र करते हुए कहा, ऑपरेशन महादेव में सुलेमान उर्फ फैजल, अफगान और जिब्रान, ये तीनों आतंकवादी भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में मारे गए।
गृह मंत्री ने बताया कि सुलेमान और अफगान लश्कर-ए-तैयबा के ए-श्रेणी के कमांडर और आतंकवादी थे, जबकि जिब्रान भी ए-ग्रेड का आतंकवादी था। शाह ने स्पष्ट किया कि बैसरन घाटी में हमारे नागरिकों की हत्या करने वाले तीनों आतंकवादियों का सफाया कर दिया गया है।
कैसे हुई आतंकवादियों की पहचान
गृह मंत्री अमित शाह ने कल (सोमवार) के ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया, कल के ऑपरेशन में तीनों आतंकवादी- सुलेमान, अफगान और जिब्रान मारे गए। जो लोग उन्हें खाना सप्लाई करते थे, उन्हें पहले हिरासत में लिया गया था। एक बार जब इन आतंकवादियों के शव श्रीनगर लाए गए, तो उनकी पहचान उन लोगों से हुई, जिन्हें हमारी एजेंसियों ने हिरासत में रखा था।

