Bareilly News: महिला मित्र के चक्कर में पति ने की पत्नी की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा  

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस ने आंवला थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक महिला के पति के साथ-साथ उसकी दूसरी महिला मित्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि महिला ने ही अपने प्रेमी यानी मृतक के पति पर पत्नी को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया था।

क्या था पूरा मामला?

दरअसल बीेती 31 जुलाई 2025 को आंवला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना हुई थी। ओमसरन नाम के व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी पत्नी अमरवती के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें रोककर उनसे सोने के गहने और 8-10 हज़ार रुपये लूट लिए। ओमसरन के मुताबिक, जब उसकी पत्नी ने इसका विरोध किया तो लुटेरों ने धारदार हथियार से उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस सूचना पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस को शुरू से ही ओमसरन की कहानी पर शक था।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

पुलिस की गहन जांच और ओमसरन से पूछताछ के बाद यह बात सामने आई कि इस हत्या में उसकी दूसरी महिला मित्र मन्नत सैनी उर्फ निधि भी शामिल है। ओमसरन और मन्नत का पिछले करीब 6-7 महीने से संबंध था। मन्नत ने ओमसरन पर अपनी पत्नी अमरवती को छोड़ने या रास्ते से हटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था। उसने ओमसरन को धमकी दी थी कि अगर वह ऐसा नहीं करेगा, तो वह उसे भी छोड़ देगी।

मन्नत के दबाव में आकर ओमसरन ने अपनी पत्नी की हत्या की साज़िश रची। पुलिस ने पहले ओमसरन को गिरफ्तार किया और फिर उसकी निशानदेही पर मन्नत सैनी को उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया।

कौन है मन्नत सैनी?

मन्नत सैनी उर्फ निधि करीब 25 साल की है। उसने बताया कि उसकी शादी 10-11 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे भी हैं। लेकिन उसके पति शराब पीकर उसे मारते-पीटते थे, जिससे तंग आकर उसने उन्हें छोड़ दिया था। इसके बाद वह ओमसरन के साथ रहने लगी। मन्नत अब जेल भेज दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस की टीम ने इस मामले को सुलझाने के लिए कड़ी मेहनत की, जिसकी सराहना की जा रही है।

 

Also Read: Lucknow News: ATM धोखाधड़ी गैंग का शातिर सदस्य गिरफ्तार, 1 लाख रुपये…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.