Varanasi News: वाराणसी में गंगा उफान पर,शवों के अंतिम संस्कार के लिए पांच से छह घंटे करना पड़ रहा इंतजार

Varanasi News: गंगा का जलस्तर रविवार को 72.03 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से 57 सेंटीमीटर ऊपर है। इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ का संकट और गहरा गया है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, जलस्तर में हर घंटे दो सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हो रही है। सावन के चौथे सोमवार से पहले घाटों पर स्थिति बेहद गंभीर हो गई है।

नमो घाट और काशी विश्वनाथ धाम प्रभावित

गंगा का जलस्तर पहली बार इतना बढ़ा है कि नमो घाट को पूरी तरह बंद करना पड़ा है। घाट पर बनी ‘नमस्ते’ संरचना डूबने की कगार पर है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की सीढ़ियों तक पानी पहुंच चुका है। रविवार शाम तक गंगा द्वार की केवल 13 सीढ़ियां ही बची थीं। प्रशासन ने जल पुलिस और एनडीआरएफ को मंदिर परिसर के आसपास तैनात कर दिया है।

शहर और गांवों में तबाही

जिला प्रशासन के अनुसार, बाढ़ से 44 गांव प्रभावित हुए हैं और 1410 परिवारों को घर छोड़ना पड़ा है। शहरी क्षेत्र के 24 मोहल्लों में भी जलभराव है, जिससे 6376 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। करीब 6244 किसानों की 1721 एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। नाद, वरुणा और गोमती नदियों में भी पलट प्रवाह से बाढ़ जैसे हालात हैं।

मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर संकट

मणिकर्णिका घाट की गलियों में नावें चल रही हैं, और शवों के अंतिम संस्कार के लिए पांच से छह घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। लकड़ी की कीमतें 1000-1200 रुपये प्रति मन तक पहुंच गई हैं। हरिश्चंद्र घाट पर दाह संस्कार की रफ्तार घटकर 5-8 शव प्रतिदिन रह गई है।

प्रशासन सतर्क, घाटों पर रोक

बाढ़ के मद्देनजर गंगा घाटों पर जाने से रोका गया है। 100 मीटर पहले बैरिकेडिंग लगाई गई है। नाव संचालन और अन्य जल गतिविधियों पर रोक है। प्रशासन ने बाढ़ राहत केंद्रों की व्यवस्था तेज कर दी है और लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और प्रशासन की सलाह मानें।

1978 जैसी बाढ़ की आशंका

नदी विज्ञानी प्रो. बीडी त्रिपाठी के अनुसार, 1978 में जलस्तर 73.90 मीटर तक गया था। फिलहाल गंगा का जलस्तर 72.03 मीटर पर है और यह 2022 के रिकॉर्ड 71.54 मीटर को पार कर चुका है। अगर इसी तरह जलस्तर बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में हालात और बिगड़ सकते हैं।

Also Read: VIDEO: ‘विधायक का करीबी हूं, 17 करोड़ दे दो वरना परिवार का सफाया कर दूंगा…’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.