UP Politics: अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला, बोले- सरकार में अराजकता और भ्रष्टाचार चरम पर
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने एक बयान जारी कर कहा कि राज्य की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है और किसान खाद के लिए परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी को रोकने में पूरी तरह विफल रही है।
बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी का आरोप
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जहां लाखों की आबादी के सामने खाने, रहने और इलाज का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता को केवल धोखा मिला है। अखिलेश यादव ने भाजपा के सभी दावों और वादों को झूठा बताते हुए कहा कि यह सरकार प्रदेश के लिए अभिशाप बन चुकी है।
‘बिहार में भाजपा लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है’
अखिलेश यादव ने बिहार में भाजपा पर एसआईआर (मतदाता सूची का गहन विशेष पुनरीक्षण) लागू करके संविधान का विरोध करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से वोट देने का अधिकार छीनना चाहती है, ताकि लोग उसके खिलाफ वोट न दे सकें।
उत्तराखंड आपदा पर जताई चिंता
इसके साथ ही, सपा अध्यक्ष ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी में धराली में हुए भूस्खलन पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वहां बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाया जाना चाहिए और लोगों के जीवन को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी इलाकों में लगातार आ रही आपदाएं बहुत चिंता का विषय हैं।
Also Read: Lucknow News: दहेज हत्या का आरोपी मर्चेंट नेवी अफसर गिरफ्तार, पीड़ित परिवार ने दर्ज…

