फर्जी केस में फंसाने की धमकी, 3 लाख की घूस… कासगंज में 4 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पुलिस पर एक गंभीर आरोप लगा है। एक व्यक्ति को फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की घूस लेने के आरोप में एसओजी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
मामला थाना सहावर क्षेत्र के निवासी अजय कुमार वर्मा से जुड़ा है। उन्होंने एसपी को शिकायत दी थी कि एसओजी में तैनात सिपाही पवन एक कुख्यात अपराधी जय प्रकाश उर्फ जेपी के साथ उनके घर आया था। सिपाही पवन ने अजय पर चोरी का सामान खरीदने का आरोप लगाते हुए जेल भेजने की धमकी दी।
रात के 3 बजे दिए गए 3 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, सिपाही ने अजय से चोरी के जेवरात और 50 हजार रुपये की मांग की। बाद में, उन्हें पटियाली थाने ले जाया गया, जहां सिपाही पवन और सोवरन सिंह ने तीन लाख रुपये की मांग की। डर के कारण अजय ने अपने बच्चों को फोन करके उधार लेकर पैसे मंगवाए। रात के करीब 3 बजे जब पुलिसकर्मियों को तीन लाख रुपये दिए गए, तब अजय को छोड़ा गया।
इस शिकायत के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने गोपनीय जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना पटियाली में आईपीसी और पीसी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड
जांच में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक विनय शर्मा, थाना प्रभारी पटियाली निरीक्षक रामवकील सिंह, सिपाही पवन और सिपाही सोवरन सिंह की भूमिका संदिग्ध पाई गई। एसपी ने इन चारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की आगे की जांच क्षेत्राधिकारी पटियाली को सौंपी गई है।
Also Read: Lucknow News: स्वच्छता मॉडल देखने भोपाल से आई टीम, महापौर ने चखाए गोलगप्पे

