Siddharthnagar News: एचआरपी रजिस्टर अधूरा मिलने पर भड़के डीएम, सीएचओ और ANM को लगाई फटकार

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने बुधवार को नौगढ़ विकासखंड अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेंद्र, हनुमानगढ़िया में आयोजित बीएचएनडी (ब्लॉक हेल्थ एंड न्यूट्रिशन डे) दिवस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, रिकॉर्ड संधारण एवं पोषण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम से गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच प्रक्रिया की जानकारी ली और एक महिला की जांच अपने समक्ष करवाई। एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) जांच हेतु स्ट्रिप की उपलब्धता पाई गई, लेकिन एमसीपी कार्ड पर दर्ज आरसीएच नंबर त्रुटिपूर्ण था और ड्यू लिस्ट भी अद्यतन नहीं पाई गई।

साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा सैम व मैम (गंभीर व मध्यम रूप से कुपोषित) बच्चों का रिकॉर्ड प्रस्तुत किया गया, जिसमें पोषाहार वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

एचआरपी रजिस्टर के अधूरे रख-रखाव पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित सीएचओ जयललिता तथा एएनएम सरिता गुप्ता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

डॉ. राजा गणपति आर. ने निर्देश दिया कि बीएचएनडी दिवस पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, अन्नप्राशन जैसे समारोह आयोजित किए जाएं और उनके साथ-साथ सैम-मैम बच्चों को पोषाहार का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व आशा बहुओं को यह भी निर्देशित किया कि वे हर घर जाकर टीकाकरण के एक दिन पूर्व गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सूचित करें, ताकि कोई भी लाभार्थी टीकाकरण या जांच से वंचित न रह जाए।

रिपोर्ट- जाकिर खान

 

Also Read: उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक आज, अटल छात्रवृत्ति योजना समेत दर्जनों प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.