बलूचिस्तान कुछ बड़ा करने जा रही पाकिस्तान की सेना, 31 अगस्त तक इंटरनेट ब्लैक आउट

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान प्रांत में 31 अगस्त तक इंटरनेट बंद करने का फैसला किया है। पाकिस्तान दूरसंचार विभाग ने सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया है। इस फैसले के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर पाकिस्तान की सेना बलूचिस्तान में क्या करने की तैयारी कर रही है? हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा में भी इंटरनेट बंद कर एक ऑपरेशन चलाया गया था, जिसमें कई आम नागरिकों की मौत हुई थी।

6 महीने में 286 आतंकी हमले

बलूचिस्तान को पाकिस्तान का सबसे संवेदनशील प्रांत माना जाता है। इस साल के शुरुआती 6 महीनों में ही यहाँ 286 हमले हो चुके हैं, जिनमें 700 से ज्यादा नागरिक मारे गए हैं। संयुक्त राष्ट्र की एक टीम के अनुसार, बलूच लड़ाकों को तहरीक-ए-तालिबान के आतंकी ट्रेनिंग दे रहे हैं और इसके लिए 2 ट्रेनिंग सेंटर भी बनाए गए हैं। बलूच लड़ाके पाकिस्तान सेना और सरकारी अधिकारियों को निशाना बना रहे हैं, क्योंकि वे आजादी की लड़ाई लड़ रहे हैं।

क्या होने वाला है कोई बड़ा ऑपरेशन

वरिष्ठ पत्रकार मीर यार बलूच ने सोशल मीडिया पर इस इंटरनेट शटडाउन पर सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, एक तरफ सरकार ने इंटरनेट बंद किया है, वहीं दूसरी तरफ बलूच लड़ाकों ने उन जगहों पर हमले शुरू कर दिए हैं, जिन्हें सबसे सुरक्षित माना जाता था। मीर यार के अनुसार, यह सेना और बलूच लड़ाकों के बीच सीधी जंग है।

बलूच समर्थक इस कदम को आजादी पर हमला मान रहे हैं। उनका कहना है कि इंटरनेट ही एक ऐसा जरिया था, जिससे वे सेना की ज्यादतियों को दुनिया के सामने ला पाते थे। अब इंटरनेट बंद होने से सरकार को अपने क्रूर कामों को छिपाने का मौका मिल जाएगा।

Also Read: Kanpur News: रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5.67 लाख की मिठाई सीज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.