Kanpur News: बिठूर में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह का भव्य समापन
Kanpur News: स्वतंत्रता संग्राम के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज ‘अमर काकोरी ट्रेन एक्शन’ की शताब्दी वर्षगांठ का समापन शुक्रवार को बिठूर स्थित नानाराव पार्क में हर्षोल्लास और गौरव के साथ हुआ। यह आयोजन देशभक्ति की भावना और वीर सपूतों की स्मृति को समर्पित रहा।

स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया
समारोह में विधायक नीलिमा कटियार, अभिजीत सांगा, सरोज कुरील, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, डीसीपी दिनेश त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन समेत जनपद स्तरीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नानाराव जी के स्मारक पर माल्यार्पण और शहीदों को नमन से हुई। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

देश सेवा के लिए प्रेरणा देती है
विधायक नीलिमा कटियार ने काकोरी ट्रेन एक्शन को राष्ट्र का गौरव बताते हुए कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। अभिजीत सांगा ने कहा कि यह घटना आज भी देश सेवा के लिए प्रेरणा देती है। सरोज कुरील ने भी शहीदों को नमन किया। लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता वाले समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। सेनानियों के परिजनों सत्येंद्र गुप्ता व अनिल त्रिपाठी ने भावुक संबोधन दिया, जबकि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आइडीएन चतुर्वेदी ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविता सुनाई।

बालिकाओं ने विधायक अभिजीत सांगा को राखी बांधकर भाईचारे का संदेश दिया। अतिथियों ने प्रदर्शनी स्टॉल देखे और काकोरी घटना पर आधारित प्रतियोगिताओं में विजयी छात्रों को सम्मानित किया गया। पीएसी बैंड की देशभक्ति धुन से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया।
साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
सुलेख, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिताओं में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को 10,000, 7,500, 5,000 और 1,000 रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए। इससे पूर्व तिरंगा साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह आयोजन स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से नई पीढ़ी को जोड़ने का जीवंत प्रयास साबित हुआ। समापन पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
Also Read: राहुल गांधी के खुलासे पर बोलीं बहन प्रियंका गांधी, चुनावी अनियमितताओं की हो जांच

