Lucknow News: सीतापुर रोड पर नैमिष नगर विकसित करने हेतु अधिकारियों ने किसानों से किया संवाद

लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम ने बीकेटी तहसील के पुरवा गांव में किसानों के साथ की बैठक

Sandesh Wahak Digital Desk: सीतापुर रोड पर प्रस्तावित नैमिष नगर योजना को एलडीए ने धरातल पर उतारने का काम शुरू कर दिया है। एलडीए की टीम ने बुधवार को बीकेटी तहसील के पुरवा गांव में किसानों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। जिसमें योजना के लिए भूमि जुटाने के सम्बंध में समझौते के आधार पर संवाद किया गया। लखनऊ विकास प्राधिकरण की तरफ से बैठक की अध्यक्षता संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने की, जिसमें  तहसीलदार-अर्जन हेमचंद्र तिवारी, तहसीलदार-बीकेटी तहसील शरद सिंह, पुरवा ग्राम प्रधान, क्षेत्रीय लेखपाल समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

किसानों की सहमति के आधार पर ली जाएगी भूमि

जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि भूमि जुटाव को लेकर किसानों से सहमति को लेकर फॉर्म का वितरण किया गया। इस दौरान काफी संख्या में किसानों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। अब जल्द ही जमीनों के बैनामे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, कुछ किसानों द्वारा पुराने घर एवं आबादी से सम्बंधित सवाल किए तो संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि उन घरों को अलग कर दिया जाएगा और उन्हें छुआ भी नहीं जाएगा।

बैठक में उपस्थित लोगों ने पूछा कि रजिस्ट्री कितने दिनों में होगी, पैसा कब तक मिलेगा और पैसे देने का तरीका क्या रहेगा? इसके जवाब में संयुक्त सचिव ने बताया कि बैनामा निष्पादन के करीब 7 से 10 दिनों के भीतर सीधे बैंक खाते में ही पैसा आ जाएगा। संयुक्त सचिव ने बताया कि किसानों को भूमि का मुआवजा डी0एम0 सर्किल रेट की बढ़ी हुयी दरों के तहत दिया जाएगा, जोकि ग्रामीण क्षेत्र में सर्किल रेट का चार गुना व शहरी क्षेत्र में दोगुना होगा।

किसानों को मिलेगा लाभ

वर्तमान में इस पूरे क्षेत्र में कोई बड़ी नियोजित आवासीय योजना नहीं है। नैमिष नगर विकसित होने से किसानों व उनके परिवारों को सीधा लाभ होगा। प्राधिकरण द्वारा योजना के साथ ही उसमें आ रहे गांवों में भी विकास कार्य कराया जाएगा। जिसमें गांव के संपर्क मार्ग, जल निकासी, खेल मैदान, बारात घर, स्वास्थ्य केन्द्र, तालाब, कब्रिस्तान, स्कूल, पार्क व श्मशान आदि को सुदृढ़ किया जाएगा।इस योजना में लगभग 03 लाख से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही, शहर के उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होगा। इन योजनाओं से राजधानी में बड़ा निवेश आएगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

Also Read: लखनऊ के फैजुल्लागंज में जलभराव बढ़ी परेशानी, ‘मामा कॉलोनी’ के दर्जनों परिवार घरों में कैद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.