ED: ऑनलाइन गेमिंग मामले में कांग्रेस विधायक गिरफ्तार, करोड़ों की नकदी जब्त

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े मामले में कर्नाटक कांग्रेस के एक विधायक को गिरफ्तार किया है। ईडी ने इस कार्रवाई के तहत कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान में 30 जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस छापेमारी में विधायक के घर और ठिकानों से करोड़ों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के गहने और विदेशी मुद्रा बरामद हुई। ईडी का आरोप है कि विधायक कई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहे थे।

किन जगहों पर हुई छापेमारी?

ईडी की बेंगलुरु टीम ने शुक्रवार को चित्रदुर्ग के विधायक केसी वीरेंद्र और उनके साथियों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई चित्रदुर्ग जिले में 6, बेंगलुरु में 10, जोधपुर में 3, हुबली में 1, मुंबई में 2 और गोवा में 8 जगहों पर की गई। गोवा के जिन ठिकानों पर छापे मारे गए, उनमें पाँच कैसीनो भी शामिल थे, जिनके नाम थे – पपीज कैसीनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसीनो, पपीज कैसीनो प्राइड, ओशन 7 कैसीनो और बिग डैडी कैसीनो।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विधायक कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहे थे, जिनके नाम किंग567, राजा567, पपीज003 और रत्ना गेमिंग थे। ईडी ने यह भी बताया कि विधायक का भाई केसी थिप्पेस्वामी दुबई से तीन कंपनियों – डायमंड सॉफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज – का संचालन कर रहा था। ये कंपनियां विधायक की कॉल सेंटर और गेमिंग सेवाओं से जुड़ी हुई थीं।

12 करोड़ रुपये नकद और महंगी चीजें जब्त

विधायक के घर पर हुई छापेमारी के दौरान 12 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए, जिसमें लगभग 1 करोड़ रुपये विदेशी मुद्रा में थे। इसके अलावा, 6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 10 किलो चांदी का सामान और चार गाड़ियाँ भी जब्त की गईं। यह कार्रवाई संसद से ऑनलाइन गेमिंग बिल पास होने के कुछ ही दिनों बाद की गई है।

Also Read: राहुल गांधी ने मखाना किसानों से की मुलाकात, तालाब में उतरकर जानी उनकी समस्याएँ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.