Gorakhpur News: डिजिटल अरेस्ट जालसाजी में पुलिस ने दिलाई राहत, रिटायर्ड शिक्षक को लौटाए 13.87 लाख रुपये
Gorakhpur News: साइबर ठगी का शिकार हुए गोरखनाथ थाना क्षेत्र के एक रिटायर्ड शिक्षक को पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। जालसाजों ने खुद को एनआईए अधिकारी बताकर शिक्षक से 14 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। साइबर क्राइम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 13.87 लाख रुपये वापस करा दिए।
तुम्हारी जिंदगी बर्बाद कर दूंगा
मामला गोरखनाथ इलाके के रिटायर्ड शिक्षक इंद्रजीत शुक्ल से जुड़ा है। उन्होंने तहरीर दी थी कि 27 जुलाई को उन्हें व्हाट्सएप पर एक कॉल आया। कॉल करने वाला खुद को एनआईए का अधिकारी बताने लगा और उन पर पाकिस्तानी आतंकवादियों से बातचीत व लेन-देन करने का आरोप लगाया। कॉलर ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि “तुम्हें 24 घंटे के लिए डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है, तुम्हारी जिंदगी बर्बाद कर दूंगा।” डरे-सहमे शिक्षक ने जब विरोध करने की कोशिश की तो ठग ने उन्हें फंसाने की धमकी दी और बचने का रास्ता दिखाते हुए 14 लाख रुपये मांगे। उसने मोज बेनीवाल नामक व्यक्ति का बैंक खाता नंबर दिया।
कॉल करने वाला गायब हो गया
अगले ही दिन, 28 जुलाई को पीड़ित ने पंजाब नेशनल बैंक से 14 लाख रुपये उस खाते में जमा कर दिए। पैसे भेजने के बाद कॉल करने वाला गायब हो गया और मोबाइल नंबर बंद बताने लगा। ठगी का एहसास होने पर इंद्रजीत शुक्ल ने तुरंत गोरखनाथ थाने और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बैंक से पत्राचार कर खाते को होल्ड कराया और 13.87 लाख रुपये वापस दिलाने में सफलता पाई। मंगलवार को पीड़ित शिक्षक ने एसपी सिटी अभिनव त्यागी से मुलाकात कर पुलिस टीम का आभार जताया। इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक रसीद खां, निरीक्षक सुभाष चंद, उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल प्रमोद यादव की अहम भूमिका रही।
Also Read: Gorakhpur News: स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा को ट्रक ने रौंदा, दर्दनाक हादसे में मौत

