UP News: सितंबर से महंगी होगी बिजली, उपभोक्ताओं को देना होगा 2.34% अधिक बिल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को सितंबर महीने में बढ़ी हुई दर पर बिजली का बिल चुकाना होगा। मई महीने के ईंधन अधिभार (FCA) का 0.24% शुल्क अगस्त के बिल में जोड़कर आया था, वहीं अब जून महीने का 2.34% ईंधन अधिभार शुल्क सितंबर के बिल में जुड़कर आएगा। इस वृद्धि से बिजली निगमों को कुल 184.41 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी।

उपभोक्ताओं के सरप्लस पैसों को समायोजित करने की मांग

विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने इस पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि बिजली निगमों पर उपभोक्ताओं का 33,122 करोड़ रुपये सरप्लस है। उन्होंने मांग की है कि इस अतिरिक्त रकम को ईंधन अधिभार शुल्क के रूप में समायोजित किया जाना चाहिए। ऐसा करने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा और निगमों के पास जमा हुई उपभोक्ताओं की राशि भी धीरे-धीरे कम हो जाएगी।

लखनऊ में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 85 करोड़ खर्च होंगे

एक अन्य खबर के अनुसार, लखनऊ के जानकीपुरम जोन में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस बजट से नौ उपकेंद्रों पर पांच-पांच एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर और 80 जगहों पर छोटे ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इस सुधार कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और उम्मीद है कि दिसंबर से काम शुरू हो जाएगा।

यह सुधार कार्य लखनऊ के बीकेटी, जानकीपुरम, डालीगंज, विश्वविद्यालय, महानगर और सीतापुर रोड खंड के इलाकों में किया जाएगा। मुख्य अभियंता वीपी सिंह के अनुसार, इस कदम से बिजली की ओवरलोडिंग की समस्या दूर होगी और उपभोक्ताओं को बिजली संकट का कम सामना करना पड़ेगा।

Also Read: CM योगी ने वाराणसी में जनता दर्शन के दौरान सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.