शिखर धवन से ED की पूछताछ, ऑनलाइन बेटिंग एप से जुड़ा मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: टीम इंडिया के पूर्व स्टार ओपनर शिखर धवन गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंचे। उन्हें ऑनलाइन बेटिंग एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। धवन सुबह करीब 11 बजे ईडी ऑफिस पहुंचे, जहां उनसे 1X ऐप को प्रमोट करने को लेकर सवाल-जवाब हो रहा है।
इससे पहले इसी केस में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना से भी पूछताछ हो चुकी है। दरअसल, ईडी इन बेटिंग एप्स के जरिए हुए वित्तीय लेन-देन और निवेश की गहराई से जांच कर रही है।
1xBet से कनेक्शन
साल 2023 में बेटिंग ऐप 1xBet ने सुरेश रैना को अपना गेमिंग एंबेसडर बनाया था। कंपनी ने तब दावा किया था कि यह साझेदारी ‘जिम्मेदार गेमिंग’ को बढ़ावा देने के लिए है। हालांकि, एजेंसी का मानना है कि यह प्लेटफॉर्म्स कानून तोड़ रहे हैं और फर्जी एल्गोरिदम के जरिए लोगों से अवैध सट्टेबाजी करवा रहे हैं।
प्रवर्तन निदेशालय ने हाल के महीनों में अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स पर शिकंजा कसना शुरू किया है। जांच का फोकस खासतौर पर उन फिल्मी सितारों और क्रिकेटरों पर है, जिन्होंने इन कंपनियों के लिए विज्ञापन किए। अब तक हरभजन सिंह, युवराज सिंह, सोनू सूद और उर्वशी रौतेला जैसे कई नामी हस्तियों से पूछताछ हो चुकी है।
क्यों फंसी मशहूर हस्तियां?
जानकारी के मुताबिक, ये बेटिंग कंपनियां ‘1xBat’, ‘FairPlay’, ‘Parimatch’ और ‘Lotus365’ जैसे नामों से विज्ञापन कर रही थीं। इन विज्ञापनों में क्यूआर कोड भी होते थे, जो सीधे सट्टेबाजी वाली साइटों पर ले जाते थे। भारतीय कानून में ऑनलाइन बेटिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे में विज्ञापन करने वाली मशहूर हस्तियां अब ईडी के रडार पर हैं।
Also Read: BCCI चुनाव की दस्तक, राजीव शुक्ला बनेंगे अध्यक्ष या होगी चौंकाने वाली एंट्री?

