Firozabad News: शिकोहाबाद में टायर तेल फैक्ट्री में भीषण आग, टला बड़ा हादसा

Firozabad News: शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के उरमुरा किरार गांव के पास स्थित एक अवैध टायर तेल फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री का वॉयलर भी आग की चपेट में आ गया, लेकिन वक्त रहते हादसा टल गया। अगर वॉयलर फट जाता, तो करीब तीन किलोमीटर का इलाका तबाह हो सकता था।

सैकड़ों टायर जलकर राख

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में रोजाना पुराने टायरों को जला कर तेल निकाला जाता है। इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक वॉयलर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं और लपटों से भर गई। आग ने पास में रखे टायरों के छोटे-छोटे टुकड़ों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सैकड़ों टायर जलकर राख हो गए।

कई घंटों की मशक्कत के बाद काबू

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया। दमकलकर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि इस फैक्ट्री से रोजाना निकलने वाला जहरीला धुआं आसपास की जमीन और फसलों को बर्बाद कर रहा है।

स्थानीय किसानों ने कई बार इस फैक्ट्री को बंद कराने की मांग उठाई थी, लेकिन फैक्ट्री मालिकों की दबंगई के चलते अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इस घटना ने एक बार फिर इलाके में अवैध फैक्ट्रियों के खतरों को उजागर कर दिया है। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन अब भी सख्त कार्रवाई नहीं करता, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

Also Read: अफगानिस्तान में भीषण भूकंप से मृतकों की संख्या 1,457 हुई, राहत कार्य में चुनौतियां जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.