यूक्रेन पर रूस का सबसे बड़ा हमला, 800 से ज्यादा ड्रोन बरसाए, जेलेंस्की बोले- दुनिया रोके इस हत्या को

Sandesh Wahak Digital Desk: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में रूस ने एक बार फिर भयानक हमला किया है। शनिवार की रात को रूस ने यूक्रेन पर 800 से ज्यादा ड्रोन और 13 मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमले किए, जिसमें एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। इस हमले से यूक्रेन में भारी तबाही मची है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर इस हमले की पूरी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि शनिवार रात से ही हम हमलों के परिणामों से निपट रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजधानी कीव में कई रिहायशी इमारतें पूरी तरह तबाह हो गईं, जबकि एक इमारत की चौथी से आठवीं मंजिल तक ढह गई है। इस हमले में अब तक एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

इसके अलावा, जापोरिज्जिया में 20 से ज्यादा घर और एक किंडरगार्टन को भी नुकसान पहुंचा है। क्रिवी री में गोदाम नष्ट हो गए, और सूमी व चेर्निहीव में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

जेलेंस्की ने दुनिया के नेताओं से भावुक अपील करते हुए कहा, ऐसी हत्याएं एक जानबूझकर किया गया अपराध है। दुनिया क्रेमलिन (रूस) को ये हत्याएं रोकने के लिए मजबूर कर सकती है, बस राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम अपने एयर डिफेंस को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से समझौतों पर निर्भर हैं। उन्होंने मदद कर रहे सभी देशों को धन्यवाद भी दिया।

Also Read: Lucknow News: जर्जर मकान का हिस्सा ढहा, पांच बाइक मलबे में दबीं, बाल-बाल बचे लोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.