बिहार को करोड़ों की सौगात, चुनाव से पहले मोकामा-मुंगेर हाईवे और नई रेल लाइन को मंजूरी
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले केंद्र सरकार ने राज्य को दो बड़ी परियोजनाओं का तोहफा दिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 7,616 करोड़ रुपये की लागत वाली दो परियोजनाओं को मंजूरी दी, जिससे बिहार और उसके पड़ोसी राज्यों में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक मोदी सरकार बिहार को 11 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की मंजूरी दे चुकी है।
किन परियोजनाओं को मिली मंजूरी
मोकामा से मुंगेर तक 4-लेन हाईवे: इस प्रोजेक्ट पर 4,447 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह बक्सर से भागलपुर तक बनने वाले हाई-स्पीड कॉरिडोर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। 82 किलोमीटर लंबे इस खंड के बनने से लोगों का यात्रा समय लगभग एक घंटा कम हो जाएगा।
भागलपुर-दुमका रेल लाइन का दोहरीकरण: 3,169 करोड़ रुपये की लागत से भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट (177 किलोमीटर) रेल लाइन को डबल ट्रैक किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट बिहार के साथ-साथ झारखंड और पश्चिम बंगाल को भी जोड़ेगा, जिससे रेल यातायात बेहतर होगा।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह निवेश केवल विकास के लिए नहीं है, बल्कि रोजगार और लोगों के जीवन में बदलाव लाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में अब तक 11 लाख करोड़ रुपये की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है। जब चुनावों से पहले इन घोषणाओं को लेकर सवाल पूछा गया, तो केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि यह सिर्फ चुनाव वाले राज्यों के लिए नहीं, बल्कि उन राज्यों के लिए भी प्रोजेक्ट मंजूर किए गए हैं, जहां फिलहाल कोई चुनाव नहीं है।
Also Read: आज़म ख़ान को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, डुंगरपुर केस में मिली जमानत

