आप का आरोप, संजय सिंह श्रीनगर में हाउस अरेस्ट, फारूक अब्दुल्ला से भी नहीं मिलने दिया
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी (आप) ने जम्मू-कश्मीर में अपने विधायक मेहराज मलिक की हिरासत के विरोध में एक बड़ा मोर्चा खोल दिया है। इस विरोध के बीच, पार्टी ने आरोप लगाया है कि श्रीनगर पहुंचे राज्यसभा सांसद संजय सिंह को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है।
आप का दावा है कि पुलिस ने संजय सिंह के सरकारी गेस्ट हाउस के गेट पर ताला लगा दिया है। जब पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला उनसे मिलने पहुंचे, तो संजय सिंह को गेट पर चढ़कर उनसे बात करनी पड़ी।
संजय सिंह ने एक्स पर इस घटना को तानाशाही बताते हुए लिखा, यह बहुत दुख की बात है कि जम्मू-कश्मीर के कई बार मुख्यमंत्री रहे डॉ. फारूक अब्दुल्ला को मुझसे मिलने नहीं दिया गया। क्या यही लोकतंत्र है?
बहुत दुःख की बात है जम्मू कश्मीर के कई बार मुख्यमंत्री रहे डॉक्टर फारूख अब्दुल्ला जी पुलिस द्वारा मुझे हाउस अरेस्ट किए जाने की ख़बर पाकर मुझसे मिलने सरकारी गेस्ट में आये उन्हें मिलने नहीं दिया गया।
ये तानाशाही नहीं तो और क्या है? pic.twitter.com/MOcNb1heE6— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) September 11, 2025
उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने साथी विधायक इमरान हुसैन और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ श्रीनगर में हैं और उन्हें गेस्ट हाउस से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस और धरना, जो मेहराज मलिक की अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ होने वाला था, उसे रोक दिया गया है।
आप की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष मेहराज मलिक को 8 सितंबर को डोडा जिले में सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने के आरोप में PSA (सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम) के तहत हिरासत में लिया गया था और उन्हें कठुआ जेल भेज दिया गया है।
Also Read: Asia Cup 2025: इन कप्तानों ने दिलाए भारत को 2-2 खिताब, धोनी ने रचा था इतिहास

