श्रावस्ती में ‘विकसित यूपी’ के रोडमैप पर हुई चर्चा, पत्रकारों और स्वयं सहायता समूहों ने दिए अहम सुझाव
Shravasti News: भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को लेकर ‘समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में, श्रावस्ती में मंडल आयुक्त, जिलाधिकारी और एक रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी की मौजूदगी में एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारों, खिलाड़ियों और स्वयं सहायता समूहों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का मकसद प्रदेश के विकास के लिए लोगों से सुझाव लेना था।
विकास में जनता की भागीदारी जरूरी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील, रिटायर्ड आईपीएस प्रमोद कुमार तिवारी और जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की। आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि 2047 तक उत्तर प्रदेश को एक विकसित राज्य बनाया जाए, और इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
पोर्टल पर दर्ज होंगे सुझाव
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि अभियान के तहत अलग-अलग समूहों, जैसे छात्रों, किसानों, व्यापारियों और मीडिया से फीडबैक लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा सुझाव पाने के लिए एक पोर्टल भी बनाया गया है, जहां लोग QR कोड स्कैन करके अपने विचार दे सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने सुझाव इस पोर्टल पर जरूर दर्ज कराएं। चुनिंदा और बेहतरीन सुझावों को राज्य के विकास की रणनीति में शामिल किया जाएगा।
रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा
Also Read: Rampur News: अब्दुल्ला आजम को बड़ी राहत, 6 साल पुराने केस में कोर्ट ने किया बरी

