PM मोदी और उनकी दिवंगत मां के AI वीडियो पर हंगामा, कांग्रेस IT सेल के खिलाफ FIR दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी के एक डीपफेक वीडियो ने एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इस वीडियो को लेकर बीजेपी की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस और उसके आईटी सेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता और बीजेपी दिल्ली चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक संकेत गुप्ता के मुताबिक, यह विवादित वीडियो 10 सितंबर, 2025 को शाम 6:12 बजे कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल INC बिहार से ‘X’ (पहले ट्विटर) पर शेयर किया गया था। बीजेपी का आरोप है कि इस वीडियो में प्रधानमंत्री और उनकी मां की छवि को अपमानजनक तरीके से पेश किया गया है।
बीजेपी ने अपनी शिकायत में कहा है कि यह वीडियो न केवल पीएम मोदी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि एक मां की गरिमा और मातृत्व का भी घोर अपमान है। पार्टी ने इसे राजनीतिक मर्यादा से बाहर जाकर किसी के निजी जीवन और परिवार पर हमला बताया है।
कांग्रेस ने दी सफाई
इस मामले पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री या उनकी मां के प्रति कोई अनादर नहीं दिखाया गया है। उन्होंने कहा, “इसमें आपत्ति क्या है? केवल इसलिए कि एक मां अपने बेटे को कुछ सही करने की शिक्षा दे रही है, इसमें अनादर कहाँ है? यह न तो उस मां का अनादर है, जिसका हम बहुत सम्मान करते हैं, और न ही बेटे का।”
अनुराग ठाकुर ने साधा निशाना
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, हर किसी के जीवन में मां का स्थान सबसे ऊपर होता है, लेकिन कांग्रेस इतना गिर गई है कि वे प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के बारे में अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वीडियो से कांग्रेस और आरजेडी की मानसिकता साफ दिखती है। ठाकुर ने चेतावनी दी कि बिहार की जनता आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और आरजेडी को इसका जवाब जरूर देगी।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही, सभी डिजिटल सबूतों की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read: शिवपाल यादव का योगी-मोदी सरकार पर तंज, 14 सालों में सिर्फ महंगाई बढ़ी

